जामताड़ा:
जामताड़ा प्रखंड की लाधना पंचायत अंतर्गत निताईडीह गांव में सोमवार को एक दुखद घटना सामने आई। यहां विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का कार्य कर रही BLO सह सेविका कमली किस्कू (54) की ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

निताईडीह गांव में जयदेव हेम्ब्रम के घर गई थीं
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कमली किस्कू सोमवार शाम करीब 4-5 बजे के बीच एसआईआर से जुड़े एक नोटिस का तामिला कराने के लिए निताईडीह गांव के ही जयदेव हेम्ब्रम के घर गई थीं। बताया जा रहा है कि जयदेव हेम्ब्रम की पत्नी रूपा बास्की का मायका पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में है और इसी संदर्भ में उनके नाम एसआईआर से संबंधित नोटिस आया था। इसी नोटिस को पहुंचाने के उद्देश्य से कमली किस्कू उनके घर पहुंची थीं।
मृतका के पुत्र देवनाथ हेम्ब्रम ने बताया कि उनकी मां रोज की तरह अपने विभागीय दायित्वों का निर्वहन करते हुए गांव में काम करने गई थीं। वहीं, ग्रामीण जयदेव हेम्ब्रम ने भी पुष्टि की कि उनकी पत्नी रूपा बास्की के नाम आए एसआईआर नोटिस का तामिला कराने के लिए कमली किस्कू उनके घर आई थीं।

जयदेव हेम्ब्रम के घर पर बेहोश हो गईं कमली
परिजनों के मुताबिक, जयदेव हेम्ब्रम के घर पहुंचने के बाद कमली किस्कू कुर्सी पर बैठीं। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई, वह बेहोश होकर गिर पड़ीं और उनके शरीर से काफी पसीना आने लगा। स्थिति को गंभीर देखते हुए परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को फोन किया, लेकिन समय पर एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी। इसके बाद आनन-फानन में उन्हें वाहन से सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

लक्षणों के आधार पर हार्ट-अटैक की आशंका है
सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. एनके पांडे ने बताया कि महिला में जो लक्षण दिखाई दिए, उनके आधार पर हृदयाघात (हार्ट अटैक) से मौत होने की आशंका है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि मौत के वास्तविक और पुख्ता कारणों की जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मिल सकेगी। इस आकस्मिक निधन से क्षेत्र में शोक का माहौल है।