खुशी ठाकुर/पलामू:
झारखंड में 14वीं JPSC प्रारंभिक परीक्षा में कथित गड़बड़ी को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। वहीं अब पलामू में भी इसका असर तेज होता नजर आ रहा है। दरअसल, पलामू में छात्रों का एक समूह JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितता के मुद्दे के अलावा जिले में फोर्थ ग्रेड बहालियों में देरी को लेकर भी मेदिनीनगर समाहरणालय के सामने भूख हड़ताल पर बैठ गया है। छात्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री को उनकी वर्षों पुरानी समस्या पर ध्यान देकर इसका समाधान करना चाहिए।

भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता बड़ी समस्या
प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप है कि फोर्थ ग्रेड की बहाली के समय ही परीक्षा को रद कर दिया जाता है। उनकी शिकयात है कि अन्य भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताएं हुई हैं। उनकी प्रमुख मांगों में परीक्षा रद्द करने, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना शामिल है। हाल के दिनों में रांची में धरना, भूख हड़ताल और विभिन्न छात्र संगठनों के विरोध प्रदर्शन ने आंदोलन को और व्यापक बना दिया है।
छात्र संगठनों के अध्यक्ष सत्यप्रकाश शुक्ला का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा और साथ ही उनका भूक हड़ताल भी जारी रहेगा वहीं सरकार की ओर से छात्रों को न्याय दिलाने और मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है, जबकि जांच एजेंसियों द्वारा कथित परीक्षा गड़बड़ी से जुड़े मामलों में कार्रवाई भी जारी है।

सरकार के अगले कदम पर टिकी निगाहें
अब सभी की निगाहें सरकार और प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं। यह देखना अहम होगा कि छात्रों की मांगों पर क्या फैसला लिया जाता है और भर्ती प्रक्रिया को लेकर उठे सवालों का समाधान किस तरह किया जाता है।