logo

प्रदेश कांग्रेस महासचिव राकेश सिन्हा ने BJP पर साधा निशाना, कहा- 11 साल बेमिसाल, झूठ का जाल 

rakesh_sinha_congress.jpg

द फॉलोअप डेस्क

केंद्र सरकार के 11 साल पूर्ण होने पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित कार्यक्रम 'सेवा और समर्पण' पर तंज कसते हुए प्रदेश कांग्रेस महासचिव सह मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, "देश के चंद पूंजीपति मित्रों की सेवा और उनके आगे समर्पण का संदेश इनका कार्यक्रम देता है। क्योंकि देश के पूंजीपति मित्रों का 16 हज़ार करोड़ का ऋण माफ किया गया और देश के किसान 16 हज़ार के लिए आत्महत्या पर मजबूर हुए।"

राकेश सिन्हा ने आगे कहा कि पिछले 11 साल में मोदी सरकार ने हर संवैधानिक संस्थाओं को कमज़ोर कर उनकी स्वायत्तता पर प्रहार किया है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, "जनमत चुराकर पिछले दरवाजे से सरकारें गिराना और विधायक खरीदना कौन सी सेवा है?" सिन्हा ने आरोप लगाया कि समाज में नफरत, हिंसा और डर का वातावरण फैलाने की कोशिश लगातार जारी है। उन्होंने मणिपुर की ना रुकने वाली हिंसा को भाजपा की प्रशासनिक विफलता का सबसे बड़ा सबूत बताया।

उन्होंने आगे कहा, "सालाना दो करोड़ युवाओं को नौकरी का वादा करके सत्ता में आई भाजपा आज युवाओं की नौकरियां छीन रही है।" 'बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ' अभियान पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि इनके नेता से ही देश की बेटी सुरक्षित नहीं रही। राकेश सिन्हा ने नोटबंदी, महंगाई, भ्रष्टाचार, गलत जीएसटी, अनियोजित लॉकडाउन और असंगठित क्षेत्र पर 'हथौड़ा चलाकर करोड़ों का भविष्य बर्बाद करने' का आरोप लगाया। उन्होंने 'मेक इन इंडिया', 'स्टार्टअप इंडिया', 'स्टैंडअप इंडिया', 'डिजिटल इंडिया', 'नमामि गंगे', '100 स्मार्ट सिटी' जैसी सभी योजनाओं को फेल बताया और कहा कि रेलवे का भी बंटाधार किया गया है। सिन्हा ने अंत में कहा कि "11 साल बेमिसाल बता रहे मतलब झूठ का जाल फैलाया जा रहा है।"


 

Tags - Jharkhand plotics Jharkhand Latest Politics Jharkhand Updates latest Jharkhand News Jharkhand Congress jharkhand BJP Jharkhand latest News Latest Jharkhand News