द फॉलोअप, रांची
एशिया के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट डुरंड कप 2026 के 135वें संस्करण का रविवार को राजधानी रांची में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ भव्य शुभारंभ हुआ। पहली बार रांची को इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट की मेजबानी मिली है, जिसे लेकर खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

खेल मंत्री टूर्नामेंट का शुभारंभ किया
उद्घाटन समारोह में झारखंड के खेल मंत्री सुदिव्य सोनू ने आधिकारिक रूप से टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद महुआ मांझी समेत कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला जमशेदपुर एफसी और डिफेंडर एफसी (श्रीलंका) के बीच खेला जा रहा है।
मैच शुरू होने से पहले आयोजित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी और स्टेडियम लगभग खचाखच भरा नजर आया। रविवार होने के कारण बड़ी संख्या में फुटबॉल प्रशंसक मैच का आनंद लेने पहुंचे।

सुरक्षा व्यवस्था में भारतीय सेना तैनात
टूर्नामेंट को देखते हुए सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। स्टेडियम परिसर में झारखंड पुलिस के साथ भारतीय सेना के जवान भी सुरक्षा व्यवस्था संभाले हुए हैं, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।
रांची में पहली बार डुरंड कप की मेजबानी मिलने से झारखंड के खेल जगत के लिए इसे एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इससे राज्य में फुटबॉल को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर झारखंड की पहचान भी मजबूत होने की उम्मीद है।