logo

SIR  : 8 और 9 को भी विशेष कैंप, छुटे हुए नागरिक अपना नाम जुड़वाएंः CEO

8 और 9 को भी विशेष कैंप, छुटे हुए नागरिक अपना नाम जुड़वाएंः CEO

द फॉलोअप डेस्क, रांची
SIR News Jharkhand: एसआईआर-2026 में छूटे हुए पात्र भारतीय नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने एवं निर्वाचन संबंधी कार्यों को गति देने के उद्देश्य से राज्यभर में 7 अक्तूबर को विशेष डिजिटाइजेशन कैंप का आयोजन किया गया। 8 एवं 9 अक्टूबर को भी विशेष डिजिटाइजेशन कैंप आयोजित होगा। इसी कार्यक्रम के तहत मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने आज चतरा एवं सिमरिया विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों पर आयोजित विशेष डिजिटाइजेशन केंद्रों का निरीक्षण किया। वहां किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कैंप में आने वाले नागरिकों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा। रवि कुमार ने कहा कि जो पात्र भारतीय नागरिक किसी कारणवश एसआईआर के दौरान अभी तक मतदाता सूची में अपना नाम नहीं जुड़वा पाए हैं, वे 8 एवं 9 अक्टूबर को अपने मतदान केंद्र पर आयोजित विशेष डिजिटाइजेशन कैंप में पहुंचकर फॉर्म-6 के माध्यम से अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य जुड़वाएं। उन्होंने जिला निर्वाचन पदाधिकारियों, ईआरओ, एईआरओ एवं बीएलओ को ऐसे नागरिकों की पहचान कर उन्हें नामांकन की प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि इन विशेष कैंपों में एसआईआर के दौरान नोटिस की सुनवाई के क्रम में मतदाताओं द्वारा प्रस्तुत किए गए दस्तावेजों के डिजिटाइजेशन का कार्य भी किया जा रहा है। इसके साथ ही बीएलओ को प्राप्त फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 सहित अन्य संबंधित आवेदनों के डिजिटाइजेशन में भी तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची में नामांकन एक सतत प्रक्रिया है। कोई भी पात्र भारतीय नागरिक, जो अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, नामांकन के लिए आवेदन कर सकता है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के अनुसार विशेष अभियान का उद्देश्य ऐसे छूटे हुए एवं पहली बार/युवा मतदाताओं के नामांकन की प्रक्रिया को सुगम बनाना है। 

10 अक्तूबर को मेगा हेल्पडेस्क
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि 10 अक्टूबर को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर मेगा हेल्पडेस्क का आयोजन किया जाए। मेगा हेल्पडेस्क के माध्यम से नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, दावा-आपत्ति, नोटिस की सुनवाई तथा निर्वाचन संबंधी अन्य प्रक्रियाओं के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने राज्य के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि यदि उनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हुआ है, तो 8 एवं 9 अक्टूबर को अपने मतदान केंद्र पर आयोजित विशेष डिजिटाइजेशन कैंप में अवश्य पहुंचें और फॉर्म-6 के माध्यम से अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी करें।

Tags - SIR Jharkhand Mega Camp CEO Chatra Polling Station