जामताड़ा:
Jamtara News: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वरिष्ठ नेत्री एवं पूर्व विधायक सीता सोरेन ने जामताड़ा जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सूर्य हांसदा एनकाउंटर मामले की सीबीआई जांच की मांग करते हुए इसे फर्जी एनकाउंटर करार दिया। इसके अलावा निशा भगत आत्महत्या प्रकरण पर गहरी संवेदना व्यक्त की और महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं तथा आगामी जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रमों को लेकर अपनी बात रखी।

सूर्य हसदा मामले में सीबीआई जांच की मांग
प्रेस वार्ता के दौरान सीता सोरेन ने सूर्य हांसदा एनकाउंटर मामले की उच्चस्तरीय सीबीआई जांच की मांग उठाई। उन्होंने इस मामले को फर्जी एनकाउंटर करार देते हुए निष्पक्ष जांच की आवश्यकता पर जोर दिया। निशा भगत आत्महत्या प्रकरण पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि ऐसी दुखद घटना घट जाएगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में आगे बढ़ना पहले से ही बेहद कठिन है, क्योंकि उन्हें अक्सर न तो परिवार और न ही समाज का पर्याप्त सहयोग मिलता है। उन्होंने आदिवासी समाज की मुखर आवाज उठाने वाली एक महिला समाजसेविका के साथ हुई हालिया घटना का जिक्र करते हुए प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि संबंधित महिला भू-माफियाओं के खिलाफ लगातार आवाज उठा रही थीं और पुलिस प्रशासन से धमकियों की शिकायत भी कर चुकी थीं। इसके बावजूद सुरक्षा नहीं मिलना गंभीर चिंता का विषय है। सीता सोरेन ने संबंधित थाना प्रभारी की भूमिका की उच्चस्तरीय जांच कराने और प्रशासनिक लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

जनजातीय गौरव दिवस पर होंगे भव्य आयोजन
आगामी 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 'जनजातीय गौरव दिवस' के रूप में भव्य तरीके से मनाए जाने की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विशेष पहल पर वर्ष 2021 से यह राष्ट्रीय स्तर पर मनाया जा रहा है। इस वर्ष इस आयोजन को जिला और मंडल स्तर तक व्यापक रूप दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि देशभर में 700 से अधिक स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राष्ट्रपति भवन में एकल विद्यालय के 200 छात्र-छात्राओं के लिए विशेष कार्यक्रम तय किया गया है। इसके अलावा संताल परगना के जनजातीय क्षेत्रों में युवाओं को जोड़ने के लिए विशेष युवा सम्मेलन और छात्रावासों में प्रेरक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था पर सरकार को घेरा
झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को आड़े हाथों लेते हुए भाजपा नेत्री ने कहा कि जामताड़ा समेत पूरे राज्य में अस्पतालों की स्थिति दयनीय हो चुकी है। आपातकाल में मरीजों को एंबुलेंस तक नसीब नहीं हो रही है। अस्पतालों में डॉक्टरों की अनुपस्थिति, जीवनरक्षक दवाओं की भारी किल्लत और जांच उपकरणों का अभाव आम बात बन गई है। उन्होंने कहा कि खराब मशीनों और प्रशासनिक बहानेबाजियों के कारण गरीब मरीजों को अपनी जान जोखिम में डालनी पड़ रही है। इस पर रोष व्यक्त करते हुए उन्होंने दो टूक कहा कि यदि स्वास्थ्य मंत्री विभाग को सुचारू रूप से चलाने में अक्षम हैं, तो उन्हें नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए।
स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए एकजुट होने की अपील
अंत में, उन्होंने जामताड़ा के आम नागरिकों से अपील की कि वे स्वास्थ्य सेवाओं में गुणात्मक सुधार के लिए एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करें। इस प्रेस वार्ता के दौरान जिला अध्यक्ष सुमित शरण, मनीष दुबे सहित कई अन्य गणमान्य नेता भी उपस्थित रहे।