रांची:
Jharkhand News: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया के बीच नो मैपिंग और लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी के मामले निर्वाचन विभाग के लिए चुनौती बने हुए हैं। राज्य में नो मैपिंग श्रेणी के अब तक सिर्फ 56.41 प्रतिशत मामलों का ही निष्पादन हो सका है। वहीं, लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी के 79.63 प्रतिशत मामलों का निपटारा हुआ है। हालांकि, अन्य श्रेणी के मामलों में 98.67 प्रतिशत निष्पादन के साथ विभाग ने बेहतर प्रगति दर्ज की है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय की ओर से 12 नवंबर 2026 को जारी आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में नो मैपिंग के कुल 14,04,033 मामले सामने आए थे। इनमें से 7,91,959 मामलों का निष्पादन हुआ है। यानी अभी भी 6,12,074 मामले लंबित हैं। इसी तरह लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी के कुल 45,49,961 मामलों में से 36,23,189 का निष्पादन किया जा चुका है। इस श्रेणी में अभी 9,26,772 मामले लंबित हैं। दूसरी ओर, अन्य श्रेणी के 1,61,65,853 मामलों में से 1,59,50,081 का निष्पादन हो चुका है। इस श्रेणी में 2,15,772 मामले बाकी हैं।

नो मैपिंग में साहिबगंज और पलामू की स्थिति सबसे खराब
जिलावार आंकड़ों पर नजर डालें तो नो मैपिंग के मामलों में पश्चिमी सिंहभूम 99.97 प्रतिशत निष्पादन के साथ सबसे आगे है। लोहरदगा में 98.54 प्रतिशत, देवघर में 86.36 प्रतिशत, रामगढ़ में 68.08 प्रतिशत और धनबाद में 67.73 प्रतिशत मामलों का निष्पादन हुआ है। वहीं, साहिबगंज में महज 35.26 प्रतिशत, पलामू में 36.05 प्रतिशत, जामताड़ा में 37.81 प्रतिशत, पाकुड़ में 43.05 प्रतिशत और गिरिडीह में 46.59 प्रतिशत मामलों का ही निष्पादन हो सका है। इन जिलों में बड़ी संख्या में मामले अब भी लंबित हैं।

लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी में भी जिलों के बीच बड़ा अंतर
लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी के मामलों में पश्चिमी सिंहभूम ने 100 प्रतिशत निष्पादन किया है। लोहरदगा 99.99 प्रतिशत, गुमला 93.32 प्रतिशत, खूंटी 91.56 प्रतिशत और कोडरमा 91.04 प्रतिशत निष्पादन के साथ बेहतर स्थिति में हैं। इसके उलट पलामू में 61.45 प्रतिशत, साहिबगंज में 63.47 प्रतिशत, पाकुड़ में 64.96 प्रतिशत, सरायकेला-खरसावां में 68.18 प्रतिशत और जामताड़ा में 70.65 प्रतिशत मामलों का ही निष्पादन हुआ है।

अन्य श्रेणी में लगभग सभी जिले लक्ष्य के करीब
अन्य श्रेणी के मामलों में सिमडेगा और लोहरदगा ने 100 प्रतिशत निष्पादन कर लिया है। खूंटी में 99.98 प्रतिशत, पश्चिमी सिंहभूम में 99.93 प्रतिशत, देवघर में 99.91 प्रतिशत और गढ़वा में 99.88 प्रतिशत मामलों का निपटारा किया जा चुका है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी जिलों को लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि जिलावार प्रगति की नियमित समीक्षा की जा रही है। जिन जिलों में निष्पादन की रफ्तार धीमी है, उन्हें निर्धारित समय-सीमा के भीतर लंबित मामलों का निपटारा करने पर विशेष ध्यान देना होगा। निर्वाचन विभाग का कहना है कि मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, त्रुटिरहित और समावेशी बनाने के उद्देश्य से पूरी प्रक्रिया की लगातार निगरानी की जा रही है।