logo

सिमडेगा में घर से नहाने निकले दो मासूम भाइयों की कुएं में डूबने से मौत

सिमडेगा में घर से नहाने निकले दो मासूम भाइयों की कुएं में डूबने से मौत

सिमडेगा: 
कुरडेग थाना क्षेत्र के कसडेगा बस्ती में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों की जान चली गई। नहाने जाने की बात कहकर घर से निकले दोनों बच्चे देर शाम तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने तलाश शुरू की तो घर के पीछे स्थित कुएं के पास उनके कपड़े और चप्पल मिले। आशंका के आधार पर कुएं में तलाशी ली गई, जहां दोनों बच्चों के शव बरामद हुए। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

नहाने की बात कहकर घर से निकले थे दोनों बच्चे
कुरडेग थाना क्षेत्र के कसडेगा बस्ती निवासी रवि शंकर कौंध के दोनों बच्चे विष्णु कौंध (8) और तुलसी कौंध (10) गुरुवार सुबह करीब 11 बजे नहाने जाने की बात कहकर घर से निकले थे। शाम करीब 4 बजे तक दोनों के घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद परिवार और ग्रामीणों ने बच्चों की तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान घर के पीछे स्थित कुएं के पास दोनों बच्चों के कपड़े और चप्पल पड़े मिले। सामान देखकर परिजनों और ग्रामीणों को बच्चों के कुएं में गिरने की आशंका हुई। इसके बाद कुछ युवक कुएं में उतरे और तलाशी शुरू की। तलाशी के दौरान दोनों बच्चे पानी में डूबे मिले। ग्रामीणों ने दोनों को कुएं से बाहर निकाला और घर लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजे दोनों शव
घटना की सूचना मिलते ही कुरडेग थाना प्रभारी विनय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में ले लिया। बताया गया कि परिजन शुरुआत में पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार नहीं थे। इस दौरान थाना प्रभारी ने उन्हें सरकारी प्रक्रिया और सरकार की ओर से मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। काफी समझाने के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शुक्रवार को दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिमडेगा सदर अस्पताल भेज दिया।

हादसे के बाद परिवार में पसरा मातम
दोनों बच्चों की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दर्दनाक घटना के बाद कसडेगा बस्ती में भी शोक का माहौल है। हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है।
 

Tags - Simdega News Kurdeg News Well Drowning Child Death Jharkhand News