logo

सिमडेगा की 13 साल की नाबालिग रांची के नामकुम में मिली, पुलिस ने एक आरोपी को दबोचा

सिमडेगा की 13 साल की नाबालिग रांची के नामकुम में मिली, पुलिस ने एक आरोपी को दबोचा

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः

सिमडेगा से लापता हुई 13 वर्षीय नाबालिग बालिका को पुलिस ने रांची के नामकुम रेलवे स्टेशन के पास से बरामद कर लिया है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी नाबालिग को सिमडेगा से बस के जरिए रांची लेकर आया था और इसके बाद ट्रेन से उसे किसी दूसरी जगह ले जाने की तैयारी कर रहा था। पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए बालिका को बरामद कर लिया। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम को सक्रिय किया गया। पुलिस ने तकनीकी जानकारी और स्थानीय स्तर से मिली सूचना के आधार पर नाबालिग की तलाश शुरू की। इसी दौरान उसके नामकुम रेलवे स्टेशन के आसपास होने की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित बरामद कर लिया।

16 सितंबर को दर्ज कराई गई थी गुमशुदगी की सूचना

पुलिस के अनुसार, नाबालिग की मामी ने 16 सितंबर की शाम सिमडेगा थाना में उसके लापता होने की सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उसकी तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को रांची से जुड़ी जानकारी मिली और टीम ने नामकुम क्षेत्र में कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में नाबालिग ने घटना से जुड़ी जानकारी दी है। बताया गया कि 14 सितंबर को वह स्कूल से कड़ामुखा में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम में गई थी। कार्यक्रम से वापस लौटने के दौरान आरोपी उसे अपने घर ले गया। पुलिस के मुताबिक, नाबालिग ने आरोपी पर उसके साथ यौन अपराध करने और घटना के बारे में किसी को बताने पर धमकी देने का आरोप लगाया है।

बस से रांची लाया गया, ट्रेन से ले जाने की तैयारी

जांच के मुताबिक, 16 सितंबर को आरोपी नाबालिग को बस से रांची लेकर आया था। इसके बाद नामकुम रेलवे स्टेशन के पास से ट्रेन के जरिए उसे किसी अन्य स्थान पर ले जाने की तैयारी की जा रही थी। इसी बीच पुलिस को मिली जानकारी के आधार पर टीम ने कार्रवाई की और नाबालिग को बरामद कर लिया। पुलिस ने इस मामले में सिमडेगा थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पोक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने आरोपी अभिनाष बरजो को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, वह कोलेबिरा थाना क्षेत्र के कल्हटोली बघचंडी का रहने वाला है। आरोपी को 19 सितंबर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपी की तलाश जारी है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
 

Tags - simega minor girl missing Simdega minor girl rescued Simdega police Namkum railway station Ranchi minor girl rescue