द फॉलोअप डेस्क
राज्य स्थापना दिवस की 25 वीं वर्षगांठ पर राज्य सरकार ने कई कार्यक्रमों के आयोजन का फैसला किया है। 11 नवंबर को मैराथन दौड़ से कार्यक्रमों की शुरुआत की गयी थी। 13 नवंबर को गुरुजी के मोरहाबादी स्थित आवास से सुबह आठ बजे साइक्लोथॉन का शुभारंभ होगा। तीन दिवसीय साइक्लोथॉन के पहले दिन इसमें शामिल होनेवाले प्रतिभागी स्वर्गीय शिबू सोरेन के मोरहाबादी स्थित आवास से निकल कर पहाड़ी मंदिर, जगन्नाथ मंदिर, धुर्वा डैम, नया सराय, रिंग रोड, लतरातु चौक, नगड़ी, इटकी, बेड़ो, साईं टेंपल लापुंग, लतरातु डैम, कर्रा, खूंटी, डोंबारीबुरु होते हुए बिरसा मुंडा की जन्म स्थली उलीहातुत तक जाएंगे। पहले दिन लतरातु डैम रिसोर्ट में रात्रि विश्राम करेंगे। दूसरे दिन 14 नवंबर को खूंटी सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। 15 नवंबर की सुबह सात बजे नाश्ता के बाद उलीहातु पहुंचेंगे। वहां से बस से रांची पहुंचेंगे।
.jpeg)
14 को वाल पेंटिंग और 15 को मोरहाबादी में राजकीय समारोह
14 नवंबर को प्रोफेशनल कलाकारों द्वारा राजधानी में प्रमुख स्थानों पर वाल पेंटिंग की जाएगी। वाल पेंटिंग का थीम सुंदर झारखंड होगा। 15 नवंबर को ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में दिन के दो बजे से राजकीय समारोह का आयोजन किया गया है। राज्यपाल संतोष गंगवार मुख्य अतिथि होंगे। मंत्रियों-विधायकों से लेकर अन्य प्रबुद्ध लोग इसमें शामिल होंगे। समारोह के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास, परिसंपत्ति और नियुक्ति पत्रों का वितरण भी किया जाएगा।
.jpg)
16 नवंबर को सांस्कृतिक कार्यक्रम और जतरा का आयोजन
16 नवंबर को सुबह 11 बजे से जैप-1 से जतरा का शुभारंभ होगा। यह दिन के एक बजे बिरसा मुंडा स्मृति पार्क (पुराना जेल) परिसर तक जाएगा। 16 नवंबर को ही शाम चार बजे से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। वॉलीवुड की प्रसिद्ध गायिका शिल्पा राव अपनी गायकी से जलवा बिखेरेंगी। इस अवसर पर स्थानीय कलाकारों द्वारा भी अपनी अपनी प्रस्तुति की जाएगी।
