द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में आसमान से आग बरस रही है। भीषण गर्मी के बीच लू ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। पारा के चढ़ने के साथ सड़कों पर पैदल चल रहे लोगों को सबसे ज्यादा दिक्कतें होती है। झारखंड में 5 जिलों में सीवियर हिटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मौसम केंद्र, रांची ने 14 जून तक पलामू, गढ़वा, सरायकेला- खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में भीषण हीट वेव चलने का रेड अलर्ट जारी किया है। लोगों से खास सावधानी बरतने की अपील की है। वहीं लातेहार और चतरा में सीवियर हीट वेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
15-16 जून को वज्रपात का इन जिलों में अलर्ट
मौसम केंद्र निदेशक अभिषेक आनंद के अनुसार 15 और 16 जून की सुबह तक राज्य में मौसम का पूर्वानुमान जारी करते हुए गुमला, लोहरदगा, सिमडेगा, रांची, खुंटी, रामगढ़, कोडरमा, रामगढ़ में तेज हवा के झोंके 30 से 40 किलो मीटर की रफ्तार से चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। जबकि संथाल और कोल्हान के जिले में वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मानसून का बंगाल शाखा कमजोर पड़ा
झारखंड में भीषण गर्मी का सितम जारी है। ऐसे में लोग मानसून का इंतजार कर रहे हैं लेकिन बारिश नहीं होने से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। इस बार झारखंड में मानसून लेट से पहुंचेंगे। इसकी वजह मानसून का बंगाल शाखा पर कमजोर पड़ना है। इस कारण झारखंड में 32% तक बारिश कम हो सकती है। मानसून की बंगाल की खाड़ी शाखा इस बार लगातार दूसरे साल कमजोर है। जिस कारण झारखंड में बारिश की भारी कमी आ सकती है। नतीजतन इन राज्य के लोगों प्रचंड ताप झेल रहे हैं।