logo

अफीम खेती पर शिकंजा : सरायकेला-खरसावां पुलिस ने ग्रामीणों को बांटे 450 किलो वैकल्पिक फसल के बीज

AFIM5.jpg

सरायकेला-खरसावां

सरायकेला-खरसावां पुलिस इस फ़सलीय वर्ष में जिले में अफीम की अवैध खेती की संभावना को खत्म करने के लिए लगातार प्री कल्टीवेशन ड्राइव चला रही है। पुलिस टीम विभिन्न गांवों में जाकर अवैध खेती रोकने के साथ-साथ ग्रामीणों को वैकल्पिक कृषि अपनाने के लिए प्रेरित कर रही है। पिछले फसलीय वर्ष में जहां-जहां अवैध अफीम की खेती पाई गई थी, उन सभी स्थानों का इस बार विस्तृत सत्यापन किया जा रहा है।
सत्यापन के दौरान कई जगह यह पाया गया कि ग्रामीणों ने अफीम छोड़कर अपने खेतों की जुताई कर दी है और रबी सीजन की दूसरी फसलों की तैयारी शुरू कर दी है। किसानों के इस सकारात्मक कदम को मजबूती देने के लिए आज (18 नवंबर 2025) चौका थाना प्रभारी बजरंग महतो ने चौका थाना क्षेत्र के सुदूर गांव मुटुदा में उच्च गुणवत्ता वाले चना, सरसों, गेहूं और मटर के बीज वितरित किए।


करीब 450 किलोग्राम बीज ग्रामीणों को दिए गए, ताकि वे अफीम के बजाय अनाज और सब्जियों की खेती कर सकें। इस कार्यक्रम में 70 से 80 किसान परिवार शामिल हुए और सभी को वैकल्पिक फसलें उगाने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे पूरी तरह से अफीम की खेती का बहिष्कार करें और पारंपरिक फसलों को बढ़ावा देकर सुरक्षित और कानूनी खेती की ओर कदम बढ़ाएं।

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News