द फॉलोअप डेस्क, रांची
CM Bank News: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज आवासीय कार्यालय में झारखंड ग्रामीण बैंक के अध्यक्ष मदन मोहन बरियार, महाप्रबंधक (GM) सिंकू कुमार परिरा एवं सहायक महाप्रबंधक (AGM) संजय कुमार ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री एवं बैंक के अधिकारियों के बीच राज्य के विकास, बैंकिंग सेवाओं के विस्तार तथा आम नागरिकों तक बैंकिंग सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने सहित विभिन्न विषयों पर सौहार्दपूर्ण चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने झारखंड ग्रामीण बैंक की भूमिका एवं कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार झारखंड के सर्वांगीण विकास और आम लोगों के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए एक विशेष विजन के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना सहित राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। इस दिशा में बैंकिंग संस्थानों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है।
