logo

अपनी हार देख कार्यकर्ताओं को बैल कहने लगे हेमंत सोरेनः सुदेश महतो

sudes.jpg

द फॉलोअप डेस्क
आजसू पार्टी प्रमुख एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री सुदेश महतो ने कहा है कि घाटशिला विधानसभा में झामुमो की हार तय है। हताशा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एनडीए प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन को बैल कहकर अपने कार्यकर्ताओं का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि झामुमो घाटशिला की धरती पर शहीद हुए अपने पूर्व सांसद सुनील महतो और निर्मल महतो की शहादत को भी भूल गया है। महतो ने कहा कि एनडीए प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा बैल कहा जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने सवाल किया कि झामुमो अपने कार्यकर्ताओं को बैल मानता है क्या? 

श्री महतो आज घाटशिला विधानसभा के बाघुड़िया ग्राम पहुंचे, जहां नक्सलियों ने पूर्व सांसद सुनील महतो की हत्या की थी। सुदेश महतो ने सुनील महतो की प्रतिमा तथा शहीद स्तंभ पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके साथ भाजपा सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस, आजसू उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर, महासचिव हरेलाल महतो, जिलाध्यक्ष कन्हैया सिंह, बंगाल विधायक बानेश्वर महतो, मांडू विधायक निर्मल महतो, बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी, रांची जिप अध्यक्ष निर्मला भगत, पार्वती देवी, सत्यनारायण महतो, स्वपन सिंह,  संजय मेहता, राजू कर्मकार, सुखलाल हेंब्रम, नंदलाल बिरुआ उपस्थित रहे।

जनता को ठग कर सरकार चला रहा झामुमो : विद्युत वरण महतो 

सुदेश महतो के साथ सभाओं में भाजपा सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि यह सरकार जनता की भावनाओं के प्रति जवाबदेह नहीं रही है। न शिक्षा पर ध्यान, न रोजगार पर कोई योजना। केवल वोट की राजनीति और झूठ के सहारे शासन चलाया जा रहा है। जनता को ठगने का काम हो रहा है। श्री महतो ने घाटशिला की जनता से अपील करते हुए कहा कि यह शहादत और संघर्ष की धरती है। यहां का हर परिवार झारखंड आंदोलन की भावना से जुड़ा है। अब समय आ गया है कि घाटशिला के मतदाता बदलाव का प्रतीक बनें और एनडीए समर्थित प्रत्याशी श्री बाबूलाल सोरेन को विजयी बनाकर झारखंड में नई सोच और नये नेतृत्व को आगे लाएं।


 

Tags - Jharkhand Ghatsila by-election AJSU Sudesh Mahto MP Vidyut Baran Mahto election campaign jibe at Hemant