logo

सारंडा जंगल में IED धमाका, CRPF जवान घायल; एयरलिफ्ट कर रांची लाया गया

IED_FOUND.jpg

चाईबासा/रांची
पश्चिमी सिंहभूम जिले के घने सारंडा जंगल में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान आईईडी विस्फोट की घटना सामने आई है। शनिवार को चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान हुए धमाके में एक सीआरपीएफ जवान घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल जवान को तुरंत सुरक्षित स्थान पर ले जाकर प्राथमिक उपचार दिया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए उसे एयरलिफ्ट कर रांची लाया गया। अधिकारियों ने बताया कि उसकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है।


सूत्रों के मुताबिक, सुबह के समय भी इसी क्षेत्र में एक आईईडी विस्फोट हुआ था। शाम में जब सुरक्षा बलों की टीम तलाशी अभियान के तहत आगे बढ़ रही थी, तभी रास्ते में पहले से लगाए गए विस्फोटक की चपेट में एक जवान आ गया। विस्फोट के बाद कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी, हालांकि अन्य सभी जवान सुरक्षित हैं। बताया जा रहा है कि सारंडा वन क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों ने जंगल के विभिन्न हिस्सों में घेराबंदी कर रखी है। लगातार दबाव के चलते नक्सली सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के उद्देश्य से अलग-अलग स्थानों पर आईईडी लगा रहे हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में तलाशी अभियान और तेज कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां सतर्कता के साथ आगे बढ़ रही हैं और संदिग्ध स्थानों की गहन जांच की जा रही है।

Tags - Saranda jungle blast update CRPF jawan airlifted Ranchi anti Naxal campaign Jharkhand West Singhbhum security alert Chaibasa latest news