रांची
झारखंड सचिवालय सेवा संघ ने झारखंड आंदोलन के महानायक, पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन की अस्वस्थता पर गहरी चिंता जताई है। संघ ने कहा है कि ‘दिशोम गुरु’ की तबीयत बिगड़ने की खबर से राज्यभर में चिंता की लहर दौड़ गई है। संघ की ओर से जारी प्रेस बयान में कहा गया है कि शिबू सोरेन की सकारात्मक ऊर्जा, दूरदृष्टि और अनुभव झारखंड की दिशा और सामाजिक चेतना के लिए हमेशा प्रेरणा स्रोत रहे हैं। संघ के समस्त पदाधिकारियों और सदस्यों ने उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा है कि राज्य को इस कठिन समय में उनकी सशक्त उपस्थिति की आवश्यकता है।

महासचिव राजेश कुमार सिंह ने कहा कि शिबू सोरेन का जीवन संघर्ष और सरोकारों से जुड़ा रहा है। ऐसे समय में पूरे राज्य की कामना है कि वह जल्द स्वस्थ हों और फिर से अपने बीच सक्रिय रहें।
संघ ने संकट की इस घड़ी में शिबू सोरेन के परिवारजनों के प्रति एकजुटता और संवेदना भी व्यक्त की है। प्रेस विज्ञप्ति के अंत में सभी की ओर से एक ही संदेश दिया गया है, "दिशोम गुरु जल्द स्वस्थ हों।"
