logo

दुबई में लालचंद महतो की मौत के बाद परिवार के बीच पहुंचे जयराम महतो, गले लगकर रोने लगी मां

लोतमपोल्.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले के प्रवासी मजदूर लालचंद महतो की दुबई में मौत हो गई। इस दुखद सूचना के बाद डुमरी विधायक जयराम महतो शोक संतप्त परिवार से मिलने उनके घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। जयराम महतो को देखते ही लालचंद की मां उनसे लिपटकर फूट-फूटकर रो पड़ीं, जिससे वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। विधायक जयराम महतो ने भारतीय दूतावास के अधिकारियों से बातचीत कर लालचंद महतो के पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने की प्रक्रिया शुरू कराने पर चर्चा की। इस पर सहमति भी बनी है। परिजनों ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही लालचंद का शव उनके पैतृक गांव पहुंच सकेगा, जिससे अंतिम संस्कार किया जा सके।


नौकरी छूटने के बाद बढ़ीं परेशानियां
लालचंद महतो जनवरी 2026 में रोजगार की तलाश में दुबई गए थे। करीब दो महीने काम करने के बाद कंपनी ने उन्हें नौकरी से हटा दिया। इसके बाद वह वहां दर-दर भटकते रहे। इसी दौरान उनका पासपोर्ट और वीजा भी गुम हो गया, जिससे उनकी परेशानियां और बढ़ गईं। कुछ दिन पहले दुबई में कार्यरत झारखंड के प्रवासी मजदूरों ने उनसे संपर्क कर भोजन उपलब्ध कराया और उन्हें भारत वापस भेजने का प्रयास कर रहे थे। इसी बीच उनकी तबीयत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई।


परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब
लालचंद की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। उनके पिता दशरथ महतो वर्ष 2013 से मुंबई से लापता हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही बेहद खराब है। प्रवासी मजदूरों के हित में काम करने वाले समाजसेवी सिकंदर अली भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने सरकार से परिवार को आर्थिक सहायता देने और लालचंद महतो के शव को जल्द भारत लाने की व्यवस्था करने की मांग की।

Tags - Dubai Migrant Worker Jairam Mahato JharkhandGiridih