logo

गढ़वा में अवैध बालू के खिलाफ SDM की छापेमारी, 61 ट्रैक्टर-ट्रॉली बालू जब्त

garwah_news_updates.jpg

गढ़वा
गढ़वा सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने शनिवार को मेराल प्रखंड के हासनदाग क्षेत्र में अवैध बालू खनन एवं भंडारण के विरुद्ध एक बड़ी कार्रवाई करते हुए औचक छापेमारी अभियान चलाया. उन्होंने बताया कि उन्हें लगातार मिल रही शिकायतों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर यह कार्रवाई की गई, जिसमें अवैध खनन के कारोबार में संलिप्त लोगों की पहचान कर अधिकारियों को सख्ती बरतने का निर्देश दिया गया.
छापेमारी के दौरान स्थानीय स्तर पर की गई पूछताछ में प्राप्त जानकारी के अनुसार, उक्त अवैध बालू उठाव में नंदलाल तिवारी, प्रदीप तिवारी, दयावंत तिवारी और रिंकू तिवारी सहित अन्य लोगों के शामिल होने की बात सामने आई. हालांकि, सीओ और थाना प्रभारी को इन आरोपों की विस्तृत जांच कर आवश्यकतानुसार प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया गया.
बिना किसी वैध अनुमति के किए गए इस बालू संग्रहण का आकलन करने पर लगभग 61 ट्रैक्टर-ट्रॉली के बराबर बालू जमा पाया गया, जिसे तत्काल प्रभाव से जब्त कर लिया गया. निरीक्षण के दौरान यह प्रतीत हुआ कि बालू दो-चार दिन पहले ही जमा किया गया है, क्योंकि अलग-अलग ट्रॉलियों से पलटने के कारण 61 अलग-अलग ढेर बने हुए थे. प्रथम दृष्टया यह बालू यूरिया नदी की लगती है. तेज धूप के बावजूद बालू के ढेरों में नमी होने से स्पष्ट है कि यह हाल का ही कार्य है.

 

Tags - garwah Illegal sand Illegal Sand in garwah latest Garwah news garwah news garwah illegal Sand news illegal Sand in garwah SDM news Updates Latest garwah news