द फॉलोअप डेस्क
प्रतिपक्ष के नेता सह प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि झारखंड में विद्यार्थी छात्रवृत्ति के लिए सरकार से गुहार लगा रहे हैं, लेकिन सरकार बेपरवाह है। उन्होंने कहा कि यह युवा पीढ़ी के सपनों, आकांक्षाओं एवं भविष्य से खिलवाड़ नहीं, तो क्या है? स्कॉलरशिप के अभाव में कई छात्रों का एडमिशन नहीं हो पा रहा है, तो कुछ को कक्षा में शामिल होने एवं परीक्षा देने से रोका जा रहा है। इस परिस्थिति के लिए कौन जिम्मेदार है?

बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया पर अपने पोस्ट में आगे लिखा है कि अपनी शिक्षा को जारी रखने के लिए कई छात्र कर्ज लेने के लिए मजबूर हैं। यह संवेदनहीनता की पराकाष्ठा है। अगर आप छात्रवृत्ति देने में सक्षम नहीं हो, तो फिर फॉर्म भरवा कर उम्मीद क्यों जगाई? यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि झारखंड में शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पेयजल जैसे बुनियादी मुद्दों पर जनता को आंदोलन करना पड़ता है। कई लोकलुभावन वादे कर के सत्ता में आई यह सरकार एक भी योजना ढंग से नहीं चला पा रही है।
.jpeg)