जमशेदपुर
परसुडीह स्थित एक कॉलेज के क्लासरूम में छात्र द्वारा देसी कट्टा और जिंदा कारतूस लाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और जांच में मामले की पुष्टि होने के बाद, कॉलेज प्रबंधन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल 12वीं साइंस के तीनों छात्रों को निष्कासित कर दिया है। बताया जा रहा है कि कॉलेज में अपना दबदबा कायम करने के लिए छात्र क्लास में हथियार लेकर पहुंचा था।
आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, एक छात्र अपने बैग में देसी कट्टा और जिंदा कारतूस लेकर कॉलेज पहुंच गया और क्लासरूम में अन्य छात्रों को हथियार दिखाने लगा। इसी दौरान क्लास के ही एक छात्र ने उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पूछताछ की शुरुआत में कॉलेज प्रबंधन ने इस घटना को मानने से इनकार किया, लेकिन वीडियो देखने के बाद प्रिंसिपल एस.सी. महतो ने इसकी पुष्टि की। पूछताछ में आरोपी छात्र ने कबूला कि छात्रों के बीच हुई मारपीट के बाद कॉलेज में अपना दबदबा बनाने के लिए वह हथियार लाया था। प्रिंसिपल के अनुसार, वीडियो में दिख रहे तीनों छात्र उनके ही कॉलेज के 12वीं कक्षा के साइंस के छात्र हैं।
प्रिंसिपल ने क्या कहा- सुनें
उन्होंने बताया कि हथियार लेकर आने वाले छात्र से जब पूछताछ की गई, तो उसने कबूल किया कि उसके इलाके के ही एक साथी ने उसे यह हथियार दिया था। प्रिंसिपल के मुताबिक, मामला सही पाए जाने पर तीनों छात्रों को कॉलेज से निकाल दिया गया है। भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए अब कॉलेज में कड़े नियम लागू किए जाएंगे।