logo

रांची और जमशेदपुर के SSP के तबादले पर सरयू राय ने उठाए सवाल, इन नियमों का दिया हवाला

a54.jpeg

रांची/जमशेदपुर:

निर्दलीय विधायक सरयू राय ने राज्य में आईपीएस अधिकारियों की ट्रांसफर-पोस्टिंग पर सवाल खड़ा कर दिया है। रांची और जमशेदपुर के एसएसपी के तबादले को नियम विरुद्ध बताते हुए सरयू राय ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को लंबा-चौड़ा पत्र लिखा है। सरयू राय ने राज्य सरकार द्वारा की गई ट्रांसफर-पोस्टिंग पर सवाल उठाते हुए पूछा है कि किन आधारों पर कार्यकाल की निर्धारित अवधि से पहले ही पहले पूर्वी सिंहभूम के डीसी और अब रांची और जमशेदपुर के एसएसपी का तबादला किया गया है। 

सिविल सर्विसेज बोर्ड के प्रावधानों का दिया हवाला
राज्य सरकार पर वर्ष 2015 में गठित सिविल सर्विसेज बोर्ड के प्रावधानों का उल्लंघन करने के आरोप लगाते हुए सरयू राय ने कहा कि इसमें राजनीतिक हस्तक्षेप की बू आ ररही है। सरयू राय ने राज्य सरकार पर भारतीय प्रशासनिक एवं पुलिस सेवा के अधिकारियों को अनुचित और मनमाना राजनीतिक संरक्षण देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार इस संबंध में अपने दायित्वों का पालन करने में गंभीर नहीं है। सरयू राय ने कहा कि इन कदमों से राज्य के पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों का मनोबल टूटेगा जिसका सीधा प्रभाव जनहित पर होगा। 

सरयू राय ने ट्रांसफर-पोस्टिंग पर सरकार से पूछे सवाल
31 जुलाई 2023 को विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान इस संबंध में पूछे गए अपने सवालों का उल्लेख करते हुए सरयू राय ने कहा कि तब सरकार ने यह बताया था कि 2020 में 65, 2021 में 69और 2022 में 80 प्रशासनिक अधिकारयों का ट्रांसफर उनके कार्यकाल की निर्धारित अवधि पूरा होने से पहले किया गया। सरयू राय ने राज्य सरकार से ऐसा करने की वजह पूछी है।