logo

सारंडा : कुइली पहाड़ी नदी के तेज बहाव में बहे तीन ग्रामीण, दो के शव बरामद; महिला अभी भी लापता

Screenshot_2026-08-31_113720.jpg

Saranda News, Chhotanagara News, Bahda Village, Kuily Pahadi River, Jharkhand Rain, River Accident, Three Villagers Swept Away, West Singhbhum News, Sunita Sidhu Missing, Bose Sidhu Death, Jharkhand Rain Accident
Saranda, Chhotanagra, West Singhbhum, river accident, Jharkhand rains
सारंडा
छोटानागरा थाना क्षेत्र के बहदा गांव में रविवार शाम कुइली पहाड़ी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने और तेज धार आने से तीन ग्रामीण बह गए। हादसे के बाद सोमवार तक दो ग्रामीणों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि एक महिला अब भी लापता है। घटना के बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतकों की पहचान ग्रामीण मुंडा रोया सिद्धू के पिता बोसेन सिद्धू और उनकी मां के रूप में हुई है। वहीं, बामिया सिद्धू की पत्नी सुनीता सिद्धू का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। एक ही हादसे में माता-पिता को खोने के बाद रोया सिद्धू और उनका परिवार गहरे सदमे में है।
अंतिम संस्कार से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब छह बजे तीनों ग्रामीण गांव में एक व्यक्ति के अंतिम संस्कार में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान लगातार हो रही बारिश के कारण कुइली पहाड़ी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। नदी में पानी का बहाव इतना तेज था कि तीनों ग्रामीण उसकी चपेट में आ गए और देखते ही देखते तेज धार में बह गए। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने नदी के आसपास उनकी तलाश शुरू कर दी।
देर रात मिला पहला शव
रविवार देर रात तक ग्रामीणों ने नदी और आसपास के इलाकों में खोजबीन जारी रखी। इसी दौरान रोया सिद्धू की मां का शव घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर नदी किनारे झाड़ियों में फंसा मिला। ग्रामीणों ने शव को बाहर निकाला और इसकी सूचना पुलिस को दी। एक शव मिलने के बाद भी ग्रामीणों ने बाकी दो लोगों की तलाश बंद नहीं की। रातभर नदी किनारे और संभावित बहाव वाले क्षेत्रों में खोजबीन जारी रही।
सोमवार सुबह बोसेन सिद्धू का शव बरामद
घटना की सूचना मिलने के बाद छोटानागरा थाना प्रभारी गौतम कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन में जुट गई। सोमवार सुबह पुलिस और ग्रामीणों की संयुक्त तलाश के दौरान बोसेन सिद्धू का शव भी नदी से बरामद कर लिया गया। दो शव मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों में शोक की लहर है। वहीं, रोया सिद्धू ने इस हादसे में अपने माता-पिता दोनों को खो दिया है।
सुनीता सिद्धू की तलाश जारी
इधर, सुनीता सिद्धू की तलाश अब भी जारी है। पुलिस टीम और ग्रामीणों ने नदी किनारे, झाड़ियों तथा संभावित बहाव वाले स्थानों पर देर रात तक खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल सका। लगातार बारिश के कारण कुइली पहाड़ी नदी का जलस्तर अभी भी बढ़ा हुआ है। तेज धार और पानी के बहाव के कारण सर्च ऑपरेशन में लगातार परेशानी आ रही है। पुलिस और ग्रामीण अब नदी की धारा के साथ-साथ संभावित बहाव वाले क्षेत्रों में भी सुनीता सिद्धू की तलाश कर रहे हैं।

Tags - Saranda Chhotanagra West Singhbhum river accident Jharkhand rains