द फॉलोअप डेस्क
मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस की किल्लत को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच गढ़वा जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। अफवाहों के कारण जिले के कई पेट्रोल पंपों और गैस गोदामों पर इन दिनों लोगों की भारी भीड़ देखी जा रही है। बताया जा रहा है कि गढ़वा में जैसे ही पेट्रोल, डीजल और गैस की कमी की खबरें फैलनी शुरू हुईं, लोग बड़ी मात्रा में इनका भंडारण करने के लिए पेट्रोल पंप और गैस एजेंसियों पर पहुंचने लगे। स्थिति को देखते हुए प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। एसडीएम ने कई पेट्रोल पंपों पर छापेमारी कर स्थिति का जायजा लिया, जिससे पंप संचालकों में हड़कंप मच गया।

इस पूरे मामले पर गढ़वा के उपायुक्त (डीसी) ने सख्त रुख अपनाते हुए लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। डीसी ने कहा कि मिडिल ईस्ट में युद्ध की स्थिति जरूर बनी हुई है, लेकिन इससे घबराने की कोई जरूरत नहीं है। देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि देश में इन सभी जरूरी ईंधनों का करीब आठ सप्ताह का स्टॉक मौजूद है। ऐसे में लोगों को पैनिक होने या जरूरत से ज्यादा खरीदारी करने की आवश्यकता नहीं है। डीसी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति पेट्रोल, डीजल या एलपीजी गैस का अवैध रूप से भंडारण करता हुआ पाया गया, तो ऐसे लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में अवसर तलाशने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।