सरायकेला-खरसावां:
Seraikela-Kharsawan: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल वन क्षेत्र अंतर्गत ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में हाथियों के हमले में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों और घायल पीड़ितों को वन विभाग की ओर से मुआवजा राशि दी गई। सोमवार को चांडिल वन क्षेत्र पदाधिकारी कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में दलमा वाइल्ड लाइफ सेंचुरी के डीएफओ सवा आलम अंसारी, चांडिल रेंज के रेंजर सुरेंद्र गोप और ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने संयुक्त रूप से लाभुकों को मुआवजे के चेक सौंपे।

मृतकों के परिजनों को 16 लाख रुपये मुआवजा
हाथियों के हमले में जान गंवाने वाले चार लोगों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की मुआवजा राशि दी गई। इस तरह मृतकों के परिवारों को कुल 16 लाख रुपये प्रदान किए गए। वहीं, हाथी के हमले में घायल पांच लोगों को कुल 3 लाख 75 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई।
चार लोगों की हाथी के हमले में हुई थी मौत
मुआवजा पाने वाले मृतकों में सापारूम गांव की राधा तांती, हरत गांव की अमिता बाला और चैना देवी तथा कुकरू गांव के मुनिराम गोराई शामिल हैं। राधा तांती की मौत 11 अप्रैल 2026 को हाथी के हमले में हुई थी। वहीं, अमिता बाला और चैना देवी ने 25 अप्रैल 2026 को और मुनिराम गोराई ने 30 मई 2026 को हाथी के हमले में जान गंवाई थी।
घायलों को भी दी गई आर्थिक सहायता
हाथी के हमले में घायल पांच लोगों को उनकी निर्धारित सहायता राशि के चेक सौंपे गए। चेलियामा के राजेंद्र गोराई को 1.50 लाख रुपये, हुंडरू के कोकिल सिंह को 25 हजार रुपये और आदारडीह के अमुल्य महतो को 1.50 लाख रुपये दिए गए। इसके अलावा हरत गांव के मोहन लाल महतो और शांतुला महतो को 25-25 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।
हाथी प्रभावित गांवों में सोलर लैंप का वितरण
वन विभाग ने हाथी प्रभावित क्षेत्रों के ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सोलर लैंप का भी वितरण किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से हाथियों की गतिविधियों के दौरान सतर्क रहने और वन विभाग की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की। कार्यक्रम में प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई। साथ ही हाथी प्रभावित गांवों में सुरक्षा और जागरूकता बढ़ाने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया गया।
हरत गांव हाथी उपद्रव से सबसे अधिक प्रभावित
हरत गांव हाथियों के उपद्रव से सबसे अधिक प्रभावित गांवों में शामिल रहा है। 25 अप्रैल 2026 को इसी गांव में हाथी के हमले में दो लोगों की मौत हुई थी, जबकि दो अन्य घायल हुए थे। इस घटना के बाद से क्षेत्र के ग्रामीणों में हाथियों के आतंक को लेकर भय का माहौल बना हुआ है।