logo

रांची को गोल फुट ओवरब्रिज का तोहफा जल्द, यहां बनेगा; यह होगा फायदा

pool1.jpg

रांची
रांची के अलबर्ट एक्का चौक की सूरत बदलने वाली है। यहां जल्दी ही गोल फुट ओवरब्रिज का निर्माण होने जा रहा है। देश में यह अपनी तरह का पहला गोल फुट ओवरब्रिज होगा। मिली सूचना के मुताबिक अगले छह महीने में इसे तैयार किया जाना है। इस परियोजना में कुल 18 करोड़ रुपये की लागत आयेगी। गोल फुट ओवरब्रिज का निर्माण पश्चिम बंगाल की बीआरबीए कंपनी को सौंपा गया है। खबर ये भी है कि कंपनी ने अलबर्ट एक्का चौक की मापी और आसपास के इलाकों में मार्किंग शुरू कर दी है। 

यूं बदल जायेगी अलबर्ट एक्का चौक की सूरत 

बता दें कि गोल फुट ओवरब्रिज का निर्माण अलबर्ट एक्का चौक पर बने गोलंबर के चारों ओऱ होगा। ओवरब्रिज बनाने से पहले यहां लगी शहीद अलबर्ट एक्का की प्रतिमा के लिए नया बेस बनाया जायेगा। गोल फुट ओवरब्रिज को आकर्षक लाइट से सजाया जायेगा। इससे अलबर्ट एक्का चौक पहले से अधिक आकर्षक दिखेगा। कंपनी की ओर से कहा गया है कि रांची का यह गोल फुट ओवरब्रिज देश में अपनी तरह का पहला ब्रिज होगा। इसी तरह का एक गोल फुट ओवरब्रिज कोलकाता में भी है। लेकिन उसमें रोड क्रास करने के लिए फुट ओवरब्रिज नहीं है। बहरहाल, गोल फुट ओवरब्रिज के इर्दगिर्द लोगों के लिए सीढियों के साथ एक्सीलेटर भी लगाया जायेगा। 

क्या होगा फायदा 
गोल फुट ओवरब्रिज के बन जाने से फिरायालाल चौक और अलबर्ट एक्का चौक के आसपास लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम से लोगों को निजात मिलेगी। बता दें कि यहां से निकलने वाली चार सड़कों के कारण यहां लगभग दिनभर जाम की स्थिति रहती है। कंपनी ने कहा है कि निर्माण के दौरान आम शहरियों की सुविधा का पूरा ख्याल रखा जायेगा। बता दें कि अभी रांची रातू रोड में फ्लाइ ओवर का निर्माण किया जा रहा है। इस निर्माण से लोगों को कई तरह की परेशानियो का सामना करना पड़ रहा है। घंटों ट्रैफिक जाम और वायु प्रदूषण रातू रोड की पहचान बन चुकी है।