खुशी ठाकुर/पलामू:
Jharkhand News: विश्रामपुर के आरजेडी विधायक नरेश प्रसाद सिंह (RJD MLA Naresh Prasad Singh) धार्मिक समारोह में हिस्सा लेने घासीदाग पंचायत (Ghasidag Panchayat) पहुंचे थे। उन्हें धुरिया नदी (Dhuria River) पार करना था, लेकिन पुल नहीं है। ऐसे में विधायक एक व्यक्ति के कंधे पर सवार होकर नदी पार करने लगे। हालांकि, नदी के बीच पहुंचते ही विधायक जी को कंधे पर बिठाए व्यक्ति का संतुलन बिगड़ा और दोनों पानी में गिर पड़े। नदी में घुटने भर पानी था, इसलिए किसी को चोट नहीं लगी। अब घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। लोग, विधायक की कार्यशैली और इलाके में बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर सवाल कर रहे हैं।

लंबे समय से धुरिया नदी पर पुल की मांग
गौरतलब है कि घासीदाग पंचायत के ग्रामीण लंबे समय से धुरिया नदी पर पुल बनाने की मांग कर रहे हैं। मानसून में नदी का जलस्तर बढ़ने से घासीदाग पंचायत का संपर्क जिला और प्रखंड मुख्यालय से पूरी तरह कट जाता है। पहाड़ियों से घिरे इस पंचायत के करीब दर्जन भर गांवों के लोगों को आवागमन में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। कई बार मांग किए जाने के बाद भी पुल नहीं बना और आज विधायक नरेश प्रसाद सिंह को एक आम आदमी के कंधों को सहारा लेना पड़ा। जिस परेशानी से ग्रामीण दो-चार होते हैं, आज वही मुश्किल विधायक को भी झेलनी पड़ी। लोग सवाल कर रहे हैं कि क्या अब विधायक जी की तंद्रा टूटेगी और क्या धुरिया नदी में पुल बनेगा।

विधायक के नदी में गिरने का वीडियो वायरल
जिस पुल के निर्माण की मांग को अब तक विधायक नरेश प्रसाद सिंह नजरअंदाज करते आए थे, आज वहीं उन्हें किसी के कंधों का सहारा लेना पड़ा और नदी में गिरे भी। विधायक की इस तस्वीर ने इलाके में सड़क और पुल जैसी बुनिदायी सुविधाओं की बदहाल स्थिति को लेकर बहस छेड़ दी है। अब सवाल यह है कि आखिर कब तक घासीदाग पंचायत के ग्रामीणों को नदी पार करने के लिए इस तरह के जोखिम उठाने पड़ेंगे? क्या ग्रामीणों की वर्षों पुरानी पुल निर्माण की मांग पूरी होगी या फिर हर बारिश में उन्हें इसी परेशानी से जूझना पड़ेगा?