logo

राज्य में सभी संप्रदाय के धार्मिक स्थलों को संरक्षित किया जायेगा- चंपाई सोरेन 

champai19.jpg

इटखोरी, चतरा 

राजकीय इटखोरी महोत्सव में आज सीएम चंपाई सोरेन ने कहा कि राज्य में सभी संप्रदाय के धार्मिक स्थलों को संरक्षित किया जायेगा। सीएम ने कहा कि समाज के अंदर सबसे ज्यादा देवी मां की ही पूजा-अर्चना की जाती है। संसार में मां का अलग और महत्वपूर्ण स्थान है। चाहे वो भगवान रूपी देवी मां हो या मनुष्य को जन्म देने वाली मां हो, मां सदैव पूजनीय एवं वंदनीय होती हैं। सोरेन ने कहा कि हमारी सरकार ने पहले से ही यह तय कर रखा है कि राज्य के भीतर सभी धर्म-समुदाय के धार्मिक स्थलों को संरक्षित किया जाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नेतृत्व में ही हमारी सरकार शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी सभी वर्ग समुदाय के धार्मिक स्थलों का सुंदरीकरण कार्य करते हुए संरक्षित करने का काम कर रही है। आज राजकीय इटखोरी महोत्सव इसी की कड़ी है। 


20 लाख आवासविहीन परिवार को पक्का मकान
चंपाई सोरेन ने कहा कि वर्ष 2027 तक हमारी सरकार राज्य के 20 लाख आवासविहीन परिवार को पक्का मकान देगी। जो लोग आज मिट्टी के कच्चे घरों पर या झुग्गी-झोपड़ियों पर रहने को विवश हैं उन्हें प्राथमिकता के तौर पर हम पक्का मकान देने का कार्य प्रारंभ कर चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आधुनिक युग में देश और दुनिया जब इतनी रफ्तार से विकास कर रहा है तब हम झारखंड को किसी भी हाल में पीछे नही रहने देंगे। झारखंड हमेशा से खनिज संपदाओं वाला राज्य माना जाता है, परंतु विडंबना है कि हमारी खनिज संपदाओं का सबसे ज्यादा लाभ दूसरे प्रदेश के लोगों ने लिया है। हमारी सरकार हर हाल में इस स्थिति को बदलेगी। यहां के मूलवासी और आदिवासी समाज को हम सामाजिक, आर्थिक तथा शैक्षणिक रूप से मजबूत बनाने पर काम करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की सोच को आगे बढ़ते हुए राज्य को हर क्षेत्र में प्रगति की ओर ले जाना है।


क्रेडिट कार्ड योजना का लाभ सरकार दे रही 

मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने कहा कि झारखंड के आदिवासी, दलित, मजदूर, किसान, अल्पसंख्यक सहित सभी वर्ग-समुदाय के बच्चे-बच्चियों को गुरुजी क्रेडिट कार्ड योजना का लाभ हमारी सरकार दे रही है। अब हमारे बच्चों की पढ़ाई पैसों के कारण नहीं रुकेगी। इस अवसर पर मंत्री सत्यनानन्द भोक्ता, मंत्री  बादल, विधायक किशुन कुमार दास, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव विनय कुमार चौबे, बौद्ध धर्म गुरु  स्वामी रविंद्र कीर्ति, धर्म गुरु नांगजेय दोरजे, प्रधान पुजारी नागेश्वर, दिगम्बर जैन धार्मिक न्यास बोर्ड के अध्यक्ष ताराचंद जैन सहित अन्य गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।