logo

टाटा स्टील में काम करने से लेकर सीएम बनने तक रतन टाटा का मिला साथ, रघुवर दास ने यूं दी श्रद्धांजलि

रघुवर.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
देश के महान उद्योगपति रतन टाटा के निधन पर ओडिशा के राज्यपाल एवं झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने गहरा शोक व्यक्त किया है। रघुवर दास ने कहा कि देश के रत्न, उद्योगपति और संवेदनशील व्यक्ति, टाटा संस के चेयरमैन एमेरिटस रतन टाटा के निधन की खबर से स्तब्ध हूं, दुखी हूं। उनका जाना न केवल उद्योग जगत, बल्कि संपूर्ण भारत के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके कुशल नेतृत्व में टाटा ग्रुप की कंपनियों ने देश के विकास में अहम योगदान दिया। देश की अर्थव्यवस्था, व्यापार और उद्योग को गति देने के साथ ही युवा उद्यमियों को भी उन्होंने काफी बढ़ावा दिया। राष्ट्र सेवा में उनके अमूल्य योगदान के लिए देश सदैव उनका ऋणी रहेगा। 

आगे उन्होंने कहा कि रतन टाटा का झारखंड और जमशेदपुर के प्रति काफी गहरा लगाव था। मैंने टाटा स्टील में बतौर कर्मी काम किया था। तब से लेकर मेरे मुख्यमंत्री काल और अब तक उनका सानिध्य प्राप्त हुआ। मोमेंटम झारखंड के दौरान मैंने उनसे रांची में एक कैंसर अस्पताल खोलने का आग्रह किया। उन्होंने इसे सहर्ष स्वीकार किया। साथ ही वे अस्पताल के शिलान्यास समारोह में शामिल हुए थे। रतन टाटा बेहतरीन उद्योगपति होने के साथ संवेदनशील इंसान भी थे। उनके पास ज्ञान का भंडार था। उनका जाना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। उनके साथ बिताए पल मुझे सदा प्रेरणा देते रहेंगे।

Tags - टाटा स्टील रतन टाटा रघुवर दास श्रद्धांजलि Tata Steel Ratan Tata Raghuvar Das Tribute