द फॉलोअप डेस्क, रांची:
बड़कागांव की पूर्व विधायक अम्बा प्रसाद(Amba Prasad) के सरकारी आवास खाली कराने में राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा (OBC) ने राज्य सरकार के खिलाफ कड़ा विरोध जताया है। मोर्चा के अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने प्रेस वार्ता आयोजित कर सरकार की कार्रवाई पर सवाल उठाए और अम्बा प्रसाद के समर्थन में अपनी बात रखी। प्रेस वार्ता के दौरान राजेश गुप्ता ने आरोप लगाया कि अम्बा प्रसाद के साथ अन्याय किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में ओबीसी समाज के नेताओं को निशाना बनाने की कोशिश की जा रही है। झारखंड की राजनीति में अम्बा प्रसाद के बढ़ते राजनीतिक कद को कम करने के उद्देश्य से उनके खिलाफ इस तरह की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने इसे राजनीतिक साजिश करार देते हुए सरकार की मंशा पर सवाल खड़े किए।

सरकार के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी
राजेश गुप्ता ने कहा कि अम्बा प्रसाद अकेली नहीं हैं बल्कि पूरा ओबीसी समाज उनके साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि समाज के किसी भी नेता के साथ अन्याय होने पर राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा चुप नहीं बैठेगा। संगठन उनके अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए हर स्तर पर आवाज उठाएगा। मोर्चा के अध्यक्ष ने राज्य सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि आवास खाली कराने के नाम पर अम्बा प्रसाद को परेशान करना बंद किया जाए। उन्होंने सरकार से इस मामले में संवेदनशीलता बरतने की मांग की।
उन्होंने आगे कहा कि यदि सरकार ने इस मामले में अपना रवैया नहीं बदला और अम्बा प्रसाद को परेशान करना जारी रखा, तो राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा सड़क पर उतरकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। संगठन ने साफ किया कि जरूरत पड़ने पर सरकार के खिलाफ व्यापक विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा। इस प्रेस वार्ता के माध्यम से राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा ने अम्बा प्रसाद के प्रति अपना समर्थन जाहिर करते हुए सरकार से मामले में उचित कदम उठाने की मांग की।
