logo

15 अगस्त को रांची में बदलेगी ट्रैफिक व्यवस्था, सुबह 6 से रात 10 बजे तक भारी वाहनों की नो एंट्री

ूीोिगम.jpg

द फॉलोअप डेस्क
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर 15 अगस्त को मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह को लेकर रांची शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। शहर में सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी। इसके अलावा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए शहर के अलग-अलग स्थानों पर ड्रॉप गेट बनाए गए हैं। ड्रॉप गेट संख्या 1, 3, 7, 9, 18, 20 और 23 से केवल मुख्यमंत्री, वीवीआईपी, मीडियाकर्मी और वैध पासधारकों के वाहनों को प्रवेश की अनुमति होगी। आम वाहनों को निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था का पालन करना होगा।


इन जगहों तक ही आ सकेंगे बड़े वाहन 
कांके से रांची वाया बोड़ेया आने वाले बड़े वाहन बोड़ेया तक, चाईबासा-खूंटी से आने वाले वाहन बिरसा चौक तक और गुमला-सिमडेगा से रांची आने वाले वाहन अरगोड़ा एवं आईटीआई पड़ाव तक ही आ सकेंगे। जमशेदपुर से आने वाले बड़े वाहनों को दुर्गा सोरेन चौक (नामकुम) तथा सदाबहार चौक की ओर रोका जाएगा। कांके-पतरातू से आने वाले बड़े वाहन लॉ यूनिवर्सिटी तक ही आ सकेंगे। वहीं बूटी मोड़ से कोकर वाया बरियातू आने वाले वाहनों को बूटी मोड़ और बूटी मोड़ से कोकर वाया खेलगांव आने वाले वाहनों को खेलगांव चौक तक ही सीमित किया जाएगा।


अतिथियों के लिए विशेष रूट
समारोह में शामिल होने वाले अतिथियों के लिए अलग मार्ग निर्धारित किया गया है। मुख्यमंत्री, उच्च न्यायालय के न्यायाधीश, सांसद और विधायक एटीआई मोड़, सिदो-कान्हू पार्क मोड़, डीएसपीएमयू मोड़ और राजकीय गेस्ट हाउस होते हुए वीवीआईपी प्रवेश द्वार से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे। केंद्र और राज्य सरकार के पदाधिकारी हॉटलिप्स चौक, एटीआई मोड़, रणधीर वर्मा चौक और उपायुक्त आवास चौक होते हुए समारोह स्थल पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री के कारकेड और वीवीआईपी वाहनों के लिए मुख्य मंच के पीछे पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। अन्य निर्धारित वाहनों की पार्किंग मुख्य मंच के पश्चिम और बापू वाटिका के सामने की जाएगी। पदाधिकारियों के वाहनों के लिए मंच के पश्चिम स्थित ऑक्सीजन पार्क के बगल में पार्किंग स्थल तय किया गया है। मीडियाकर्मियों के वाहनों की पार्किंग बापू वाटिका के सामने नारंगी और हरे पास वाले वाहनों के लिए निर्धारित की गई है। सामान्य वाहनों के लिए टीआरआई के सामने मैदान में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।


इन जगहों पर पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित 
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान उपायुक्त आवास मोड़ से हॉकी स्टेडियम तक और रांची कॉलेज मोड़ से वीवीआईपी एंट्री गेट तक किसी भी वाहन की पार्किंग नहीं की जा सकेगी। यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों और पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें, ताकि समारोह के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

 

Tags - Ranchi Traffic Independence Day Morabadi Ground Traffic Diversion Ranchi News