द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
रांची में चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाते हुए चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। इस बार चोरों ने झारखंड की गृह सचिव वंदना दादेल की सुरक्षा में तैनात बॉडीगार्ड हवलदार अजय कुमार यादव के आवास को निशाना बनाया। घटना नामकुम थाना क्षेत्र के अमेठिया नगर स्थित उनके घर की है। हवलदार अजय कुमार यादव छठ महापर्व मनाने के लिए अपने पूरे परिवार के साथ बिहार के मुंगेर स्थित पैतृक आवास गये हुए थे। घर में ताला बंद होने और किसी के मौजूद नहीं रहने का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया और अंदर घुस गये। इसके बाद चोरों ने घर में रखी नकदी, जेवरात और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।

कमरों और अलमारियों को खंगाला, घर में जमकर की तोड़फोड़
चोरी की वारदात को अंजाम देने के दौरान चोरों ने घर के अंदर जमकर उत्पात मचाया। उन्होंने कमरों और अलमारियों को खंगाल डाला। इतना ही नहीं, घर के कई दरवाजों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। चोरी करने के बाद चोर आराम से फरार हो गये। सुबह आसपास रहने वाले लोगों की नजर जब घर के टूटे हुए ताले और क्षतिग्रस्त दरवाजों पर पड़ी, तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद पड़ोसियों ने तत्काल इसकी जानकारी हवलदार अजय कुमार यादव और नामकुम थाना पुलिस को दी। फिलहाल मकान मालिक के मुंगेर में रहने के कारण चोरी गये सामान का पूरा ब्योरा सामने नहीं आ सका है। घर से कितनी नकदी, कितने लाख रुपये के जेवरात और अन्य कीमती सामान गायब हुए हैं, इसका आकलन उनके रांची लौटने के बाद ही हो सकेगा।

मौके पर पहुंची पुलिस, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही टीम
घटना की जानकारी मिलते ही नामकुम थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने घर का मुआयना कर चोरी से जुड़े साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की है। साथ ही आसपास के मकानों और सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि वारदात को अंजाम देने वाले चोरों की पहचान की जा सके। गृह सचिव की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी के घर में ही चोरी की घटना होने से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा शुरू हो गयी है। फिलहाल पुलिस चोरों का सुराग तलाशने में जुटी है।