logo

सुखद : सदर अस्पताल हुआ कोरोना मुक्त, रिम्स में मात्र 10 मरीज...685 से अधिक एक्टिव केस रांची में 

coro.jpg

रांचीः
झारखंड में कोरोना की तीसरी लहर की रफ्तार लगभग थम गई है। हर दिन बहुत ही कम केस सामने निकल कर आ रहे हैं। संक्रमण दर घटकर 1 प्रतिशत से भी कम हो गया है। सबसे अच्छी खबर तो यह है कि रांची के सदर अस्पताल में एक भी कोरोना के मरीज नहीं हैं। वहीं जहां रिम्स को कोरोना के हर दिन सैकड़ों मरीज आ रहे थे उस रिम्स में अब केवल 10 मरीज इलाजरत हैं। डोरंडा स्थित रिसालदार कोविड केंद्र को बंद कर दिया गया है। प्राइवेट हॉस्पीटल में भी कोरोना मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। 


685 एक्टिव मरीज 
हालांकि रांची में 685 से अधिक एक्टिव संक्रमितों की संख्या है। ज्यादातर लोग होम आईसोलेशन में हैं। कोई भी गंभीर हालत में नहीं है। सिविल सर्जन डॉ विनोद कुमार बताते हैं कि अस्पतालों में इलाज करवाने वाले मरीज स्वस्थ होकर घर जा रहे हैं। फिर भी अस्पताल हर परिस्थिति को झेलने के लिए पहले से पूरी तरह से तैयार रहेगा। सदर अस्पताल का अब सिर्फ एक फ्लोर ही कोरोना मरीजों के लिए रिजर्व होगा। अब तक तीन फ्लोर थे लेकिन अब तीसरा तल्ला ही कोविड मरीजों के लिए होगा। 


सामान्य वार्ड में बदला जाएगा
रिम्स के ट्रामा सेंटर में अब दस कोविड मरीज के इलाज के बाद सामान्य अस्पताल के रूप में बदल दिया जाएगा। अस्पताल में इमरजेंसी को शिफ्ट किया जाएगा। रिम्स उपाधीक्षक डॉ शैलेश त्रिपाठी बताते हैं कि कोविड अस्पताल को जेनरल अस्पताल के रूप में बनाने के लिए जो भी प्रक्रिया है उसे पूरा किया जाएगा। साथ ही सरकार के मार्गदर्शन के बाद सभी तरह के मरीजों का इलाज यहां शुरू हो पाएगा।


देश के क्या हैं हालात 
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, पिछले 24 घंटे में कोरोना के 50,407 नये मामले सामने आये। जिसके बाद एक्टिव केस की संख्या घटकर 6,10,443 हो गई। इससे एक दिन पहले 58,077 नये मामले मिले थे। पॉजिटिविटी रेट अब 3.48 फीसदी हो गया है। पिछले 24 घंटे में 804 कोरोना मरीजों ने जान गंवाई है। कोरोना से अब तक 5,07,981 लोगों की मौत हो चुकी है। इससे एक दिन पहले 657 मरीजों की मौत हुई थी।\