logo

Ranchi : प्लेस मेकिंग मैराथन-2 में ऐसे सजा रांची का मोरहाबादी मैदान, देखिये कितना बदल गया इलाका

WhatsApp_Image_2022-02-17_at_02_04_23_(1).jpeg

 

 

 

रांची: 

आजादी के अमृत महोत्सव के तहत देश के सभी शहरों में प्लेस मेकिंग मैराथन टू का आयोजन किया गया है। रांची में इसके लिए मोरहाबादी मैदान को चुना गया है। रांची नगर निगम और रांची स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन ने मिलकर मोरहाबादी से सटे इलाके को बेहद आकर्षक बनाया है। पर्यावरण को बिना नुकसान पहुंचाए इसे बहुत खुबसूरत बनाया गया है। 

राजधानी के लोगों को भाता है मोरहाबादी मैदान
राजधानी रांची का मोरहाबादी मैदान बहुत ही खास है। यहां आए दिन सामाजिक और राजनीतिक कार्यक्रम होते रहते हैं। यह राजधानी के कई लोगों के पसंदीदा जगहों में से एक है। अक्सर लोग यहां आकर कुछ समय बिताते हैं। वास्तव में, आजादी के अमृत महोत्सव के तहत देश के सभी स्मार्ट शहरों में प्लेस मेकिंग मैराथन टू का आयोजन किया गया है। 

मोरहाबादी में इको-फ्रेंडली वातावरण का इंतजाम
प्राकृतिक सौंदर्य को संरक्षित करते हुए इलाके को इको फ्रेंडली प्लेस बनाने की कोशिश की गई है। इसके लिए पेड़ों को रंगा गया है। रंग-बिरंगी लाइट्स से सजाया गया है। बरसात को ध्यान में रखकर पेवर्स ब्लॉक लगाए गए हैं। इसके अलावा पुरानी लकड़ी के टुकड़ों से बेंच-टेबल और पुराने टायर की मदद से झूले भी लगाए गए हैं। पेड़ों के बीच सेल्फी जोन और बच्चों के लिए कुछ गेम्स की भी व्यवस्था की गई है। इतना ही नहीं, चिड़ियों के आराम करने और पानी पीने के लिए बांस से खास प्रकार का स्ट्रक्चर बनाया गया है। इस खूबसूरत इलाके में गंदगी ना फैलाया जाए इसके लिए बांस की टोकरी की मदद से डस्टबिन बनाया गया है। कुल मिलाकर देखा जाये तो पूरा नजारा बेहद मन को मोह लेने वाला है। 

कार्यक्रम में किसी भी प्रकार का टिकट नहीं लगेगा
केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम को 13 फरवरी 2022 को शुरु किया गया था जो कि 16 फरवरी 2022 की रात तक पूरा हो गया। यानी महज 75 घंटों में ही प्लेस मेकिंग का काम पूरा हो गया। इससे पहले भी प्लेस मेकिंग मैराथन वन के तहत डॉ. जाकिर हुसैन पार्क बनाया गया था। मोरहाबादी के पास कई पार्क मौजूद हैं, लेकिन ये इलाका किसी पार्क की तरह नहीं बल्कि नेचुरल ब्यूटी के लिए जाना जाएगा. यहां हर वर्ग के लोग बैठ सकेंगे और सबसे अच्छी बात तो यह है कि यहां जाने के लिए किसी भी प्रकार का कोई टिकट नहीं लगेगा।