द फॉलोअप डेस्क
कल रांची में रांची महानगर व ग्रामीण जिला भाजपा द्वारा मंत्री हफीजुल हसन के संविधान विरोधी बयान के खिलाफ आक्रोश प्रदर्शन किया गया। जिला स्कूल मैदान से राजभवन तक भाजपा नेताओं-कार्यकर्ताओं ने विरोध मार्च निकाला। राजभवन में राज्यपाल से मिल कर मंत्री हफीजुल हसन को बर्खास्त करने की मांग की। लेकिन इस विरोध प्रदर्शन में रांची महानगर व ग्रामीण जिला भाजपा द्वारा बनाए गए बैनर ने रांची में पार्टी के भीतर हो रही राजनीति को सतह पर ला दिया है। आक्रोश आक्रोश प्रदर्शन में प्रयोग किए गए बैनर की चर्चा भाजपा के ही नेता कार्यकर्ता कर रहे हैं।
उनका कहना है कि बैनर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, कार्यकारी अध्यक्ष रवींद्र कुमार राय, पूर्व मुख्यमंत्रियों, रांची के सांसद संजय सेठ, राज्यसभा सदस्य दीपक प्रकाश, प्रदीप वर्मा व अन्य नेताओं की तस्वीर स्वाभाविक है। लेकिन रांची के विधायक सीपी सिंह ही गायब हैं। जबकि बगल की हटिया विधानसभा क्षेत्र के विधायक नवीन जायसवाल तस्वीर में ऊपर हैं। कार्यकर्ताओं-नेताओं का कहना है कि रांची में रांची महानगर और जिला भाजपा द्वारा कार्यक्रम हो और उसमें सीपी सिंह को इग्नोर करना कहीं न कहीं कोई साजिश या रणनीति का हिस्सा है। जबकि बैनर पर रांची जिला और ग्रामीण जिला भाजपा अध्यक्ष ने अपनी अपनी बड़ी तस्वीर देने का काम किया है। इस क्रम में भाजपा के एक सीनियर नेता का कहना था कि अब रांची के कार्यकर्ता मान कर चलने लगे हैं कि अगले चुनाव में सीपी सिंह को रिटायर कर ही दिया जाएगा। इसलिए उगते सूरज की उपासना ज्यादा लाभदायक है।