logo

राजेश ठाकुर ने के राजू और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को भेंट की सोनिया गांधी की पुस्तक, बोले- प्रेम और अपनापन की खूबसूरत अभिव्यक्ति है 'Belonging'

राजेश ठाकुर ने के राजू और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को भेंट की सोनिया गांधी की पुस्तक, बोले- प्रेम और अपनापन की खूबसूरत अभिव्यक्ति है 'Belonging'

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः

झारखंड कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के राजू एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को सोनिया गांधी की पुस्तक 'Belonging – A Journey of Love' की प्रति भेंट की। इस मौके पर राजेश ठाकुर ने पुस्तक की विषयवस्तु और उसमें व्यक्त भावनाओं को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि यह किताब महज प्रेम की कहानी नहीं है, बल्कि अपनापन, विश्वास, संवेदनशीलता और मानवीय रिश्तों की खूबसूरत अभिव्यक्ति है। पुस्तक यह एहसास कराती है कि सच्चा प्रेम वहीं होता है, जहां एक-दूसरे के प्रति सम्मान, स्वीकार्यता और समर्पण की भावना हो। उनके अनुसार, यह कृति रिश्तों की गहराई और मानवीय संवेदनाओं को समझने का अवसर देती है।

सोनिया गांधी ने निजी अनुभवों को खुलकर रखा सामने

राजेश ठाकुर ने कहा कि देश में सोनिया गांधी को त्याग, समर्पण और प्रेम की प्रतिमूर्ति के रूप में देखा जाता है। लोग उनके बारे में तरह-तरह की बातें करते हैं, लेकिन उन्होंने जिस तरह अपने विचारों और अनुभवों को खुलकर पुस्तक में सामने रखा है, वैसा साहस हर किसी में नहीं होता। चाहे निजी जीवन के अनुभव हों, दिल के मामले हों या प्रेम से जुड़े प्रसंग, उन्होंने बेबाकी से अपनी भावनाएं व्यक्त की हैं। राजेश ठाकुर ने कहा कि इस पुस्तक को वही लोग बेहतर ढंग से समझ पाएंगे, जो प्रेम, स्नेह और सद्भाव में विश्वास रखते हैं। अब तक पुस्तक को लेकर जो बातें सामने आई हैं और जिन चर्चाओं को सुना गया है, उनसे यह महसूस होता है कि इतनी असाधारण अभिव्यक्ति हर किसी के लिए संभव नहीं है। यही विशेषता सोनिया गांधी को अलग पहचान देती है।

टिप्पणियों के बजाय पुस्तक पढ़कर राय बनाने की अपील

कांग्रेस नेता ने कहा कि पुस्तक को लेकर अलग-अलग तरह की टिप्पणियां की जा रही हैं, लेकिन किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले लोगों को इसे स्वयं पढ़ना और समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी पुस्तक की वास्तविक भावना और उसमें निहित विचारों को जाने बिना उस पर टिप्पणी करना उचित नहीं है। सोनिया गांधी ने अपने जीवन के अनुभवों और भावनाओं को जिस संवेदनशीलता के साथ शब्दों में पिरोया है, उसे समझने के लिए पुस्तक का अध्ययन जरूरी है। राजेश ठाकुर ने लोगों से अपील की कि वे पूर्वाग्रहों से हटकर इस पुस्तक को पढ़ें और प्रेम, अपनापन, विश्वास तथा मानवीय रिश्तों के नजरिये से इसे समझने का प्रयास करें।

Tags - Jharkhand Congress Rajesh Thakur Sonia Gandhi Congress News Belonging Book