logo

जामताड़ा में बारिश का कहर, मिट्टी का घर गिरने से दादी और पोते की मौत 

MITTI_KA_GHAR.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
जामताड़ा के नाला प्रखंड के कालीपत्थर गांव में भारी बारिश के कारण एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें शिवधन हेंब्रम का मिट्टी, पुआल और खपड़ों से बना घर गिर गया। इस हादसे में शिवधन हेंब्रम के ढाई साल के बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां की भी इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। इस हादसे में शिवधन हेंब्रम की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका पैर टूट गया है और उसे बेहतर इलाज के लिए आसनसोल भेजा गया है। 

घटना की सूचना मिलने पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित सरण घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए। घटना के बाद एंबुलेंस के समय पर न पहुंचने और घायलों को निजी वाहनों से अस्पताल ले जाने पर सवाल उठे। घटना के बाद शुरुआती घंटों में किसी भी प्रशासनिक अधिकारी के घटनास्थल पर न पहुंचने पर भी सवाल खड़े किए गए। जिलाध्यक्ष सुमित सरण ने बताया कि उन्होंने डीसी, एसडीओ, डीएसपी, बीडीओ और सीओ को सूचना दी, जिसके काफी देर बाद नाला सीओ और थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। 

घटना के बाद भाजयुमो जिलाध्यक्ष कुणाल सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष जितेन राउत और प्रदीप राउत भी घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित सरण ने कहा कि यह जांच का विषय है कि पीड़ित परिवार को अब तक अबुआ आवास योजना का लाभ क्यों नहीं मिला। उन्होंने इस मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को हर संभव मदद और तत्काल राहत प्रदान करने की अपील की। प्रशासन ने घटना के बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है और घायल महिला को हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया है। इस घटना ने एक बार फिर प्राकृतिक आपदाओं के दौरान प्रशासन की तत्परता और राहत कार्यों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


 

Tags - Jharkhand News Jamtara News Jamtara Latest News Jamtara Hindi News Rain House destroyed Accident