logo

कतर गैस प्लांट धमाके में जमशेदपुर के राजा अली इमाम की मौत

ौही.jpg

द फॉलोअप डेस्क
कतर के रास लाफान इंडस्ट्रियल एरिया स्थित गैस प्लांट में हुए भीषण धमाके में जमशेदपुर के धातकीडीह निवासी राजा अली इमाम (45) की भी मौत हो गई है। वह कतर नेशनल फैसिलिटी सर्विसेज कंपनी में इंस्ट्रूमेंट तकनीशियन के पद पर कार्यरत थे। मंगलवार को उनकी मौत की आधिकारिक पुष्टि होने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए

राजा अली इमाम धातकीडीह रोड नंबर-4 ए ब्लॉक के रहने वाले थे। वह अपने पीछे पत्नी, सात वर्षीय बेटी और पांच वर्षीय बेटे को छोड़ गए हैं। पिछले चार वर्षों से वह कतर में नौकरी कर रहे थे। कुछ समय पहले ही वह ईद की छुट्टियों में जमशेदपुर आए थे और परिवार के साथ त्योहार मनाने के बाद वापस कतर लौटे थे। हादसे के बाद से अब तक उनका पार्थिव शरीर भी नहीं मिल पाया है, जिससे परिजन काफी परेशान हैं। झारखंड आंदोलनकारी गुलरेज खान ने बताया कि राजा अली काफी मिलनसार व्यक्ति थे। कतर लौटने से पहले वह अपने परिचितों और दोस्तों से मिलकर गए थे। उनकी मौत की खबर से इलाके में शोक की लहर है। परिवार और रिश्तेदार अब भी उनके पार्थिव शरीर के मिलने का इंतजार कर रहे हैं।

रविवार रात हुआ था भीषण धमाका

रविवार रात कतर के रास लाफान इंडस्ट्रियल एरिया स्थित मुख्य नेचुरल गैस एक्सपोर्ट टर्मिनल में जोरदार धमाका हुआ था। कतर के ऊर्जा मंत्री के अनुसार बरजान पोर्ट पर हुए इस हादसे में अब तक कम से कम 13 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। मृतकों में भारत और पाकिस्तान के नागरिक भी शामिल हैं। वहीं कतर के गृह मंत्रालय ने 18 लोगों के लापता होने और 54 लोगों के घायल होने की जानकारी दी है।

 

Tags - Qatar Jamshedpur Jharkhand Explosion Accident