logo

प्रश्नों के उत्तर समय से उपलब्ध कराएं, दीर्घा में उपस्थित रहें अधिकारीः स्पीकर

VIDHAN.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रबींद्र नाथ महतो ने पांच दिसंबर से प्रारंभ हो रहे शीतकालीन सत्र को लेकर आज वरीय अधिकारियों के साथ बैठक की। इस अवसर पर संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। स्पीकर ने अधिकारियों को शीतकालीन सत्र को लेकर कई आवश्यक निर्देश दिए। स्पीकर ने अधिकारियों से कहा कि विधायकों के स्वीकृत अल्पसूचित एवं तारांकित प्रश्नों के उत्तर निर्धारित तिथि से एक दिन पूर्व 4:00 बजे अप० तक संबंधित विभाग द्वारा निश्चित रूप से झारखण्ड विधान सभा सचिवालय को उपलब्ध कराया जाए। सत्रावधि के दौरान पदाधिकारी दीर्घा में वरीय पदाधिकारियों  उपस्थिति रहें।


स्पीकर ने कहा कि सदस्यों द्वारा दिए गए शून्यकाल की सूचना पर लंबित शून्यकाल का उत्तर उपलब्ध कराया जाए एंव सदस्यों के स्वीकृत ध्यानाकर्षण सूचनाओं के उत्तर भी ससमय उपलब्ध करायें। जिन विधेयको को सभा के विचार के लिए लाया जाना है, उसकी सूचना संबंधित मंत्री के पत्र और विधेयक की प्रति ,सत्र में विधेयक के लिए निर्धारित तिथि से 3 दिन पूर्व झारखण्ड विधान-सभा सचिवालय को उपलब्ध कराया जाए ताकि सदस्यों के बीच ससमय विधेयक की प्रतियों का परिचालन हो सके। यदि कोई संशोधन विधेयक लाना है, तो मूल अधिनियम (अद्यतन संशोधन सहित) की पाँच प्रतियाँ अवश्य ही झारखण्ड विधान सभा सचिवालय के उपयोग हेतु उपलब्ध कराना भी सुनिश्चित किया जाय। अध्यक्ष ने कार्यपालक दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति, सुरक्षा ,वाहनों का आवागमन इत्यादि को लेकर भी कई निर्देश दिए। बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, कैबिनेट एवं गृह विभाग की प्रधान सचिव वंदना डाडेल समेत कई अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Tags - Jharkhand winter session Speaker meets officials several instructions