गोड्डा
विगत दिनों भोगनाडीह में घटित घटनाक्रम के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) कार्यकर्ताओं द्वारा कारगिल चौक, गोड्डा में भाजपा का पुतला दहन किया गया। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व झामुमो के गोड्डा जिला अध्यक्ष प्रेम नन्दन मंडल ने किया। कार्यक्रम में लगभग 500 कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। इस अवसर पर प्रेम नन्दन मंडल ने भाजपा पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा के एक वरिष्ठ नेता द्वारा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ की गई साजिश नाकाम रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सत्ता की लालसा में ऐसी साजिशों का सहारा ले रही है, लेकिन झारखंड की जनता अब भाजपा की सच्चाई जान चुकी है।

मंडल ने जोर देते हुए कहा, “संथाल परगना झामुमो का था, है और रहेगा। भाजपा चाहे जितना भी प्रयास कर ले, वो इस क्षेत्र में राजनीतिक रूप से कभी भी पैर नहीं जमा पाएगी।” उन्होंने कहा कि भाजपा जेएमएम से लगातार राजनीतिक हार का सामना कर रही है और इसी बौखलाहट में इस तरह की साजिशों को अंजाम दे रही है।
कार्यक्रम में झामुमो के जिला एवं प्रखंड स्तर के सभी प्रमुख कार्यकर्ता और जनसमर्थक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में भाजपा की नीतियों की निंदा की और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड की एकता, अखंडता और विकास के लिए समर्थन जताया।
