द फॉलोअप, जामताड़ा:
Jharkhand News: जामताड़ा जिले के प्रतिभावान विद्यार्थियों (Talented students) के सपनों को आर्थिक बाधाओं से मुक्त कर उन्हें बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन (District Administration) ने एक बेहद सराहनीय पहल की है। जामताड़ा के डीसी आलोक कुमार (Jamtara DC Alok Kumar) की पहल पर शुरू हुआ ‘प्रोजेक्ट प्रज्ञान’ (Project Pragyan) जिले के छात्र-छात्राओं के लिए उम्मीद की एक नई किरण बनकर सामने आया है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का मुख्य उद्देश्य ऐसे मेधावी बच्चों को मार्गदर्शन और कोचिंग की सुविधा उपलब्ध कराना है, जो आर्थिक तंगी के कारण बड़े शहरों में जाकर आईआईटी-जेईई (IIT-JEE) तथा नीट (NEET) जैसी कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने में असमर्थ हैं।

प्रतिष्ठित संस्थानों के शिक्षकों द्वारा निःशुल्क कोचिंग
इस पहल के संबंध में जानकारी देते हुए डीसी आलोक कुमार ने बताया कि प्रोजेक्ट प्रज्ञान केवल एक शैक्षणिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि उन सपनों को पंख देने की पहल है, जिनके रास्ते में आर्थिक परिस्थितियां अक्सर दीवार बन जाती हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का निरंतर यह प्रयास है कि जामताड़ा के प्रतिभावान बच्चों को अपने ही जिले में प्रतिष्ठित संस्थानों के विषय विशेषज्ञों और शिक्षकों द्वारा निःशुल्क कोचिंग, (Free Coaching) उचित मार्गदर्शन एवं आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें। इससे संसाधनों के अभाव में किसी भी बच्चे की प्रतिभा सीमित नहीं रहेगी। हमारा लक्ष्य है कि ग्रामीण परिवेश में रहने वाले बच्चे भी जेईई और नीट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं को पास कर डॉक्टर और इंजीनियर (Doctors and Engineers) बनने के अपने सपनों को साकार कर सकें।
.jpeg)
100 विद्यार्थियों का हुआ चयन, 28 सितंबर से शुरू हुईं कक्षाएं
जिला प्रशासन की इस पहल के तहत डीएमएफटी (DMFT) के अंतर्गत शिक्षा विभाग द्वारा 15 सितंबर को एक चयन परीक्षा का सफल आयोजन किया गया था। इस परीक्षा में जिले के 8 विभिन्न विद्यालयों से 11वीं और 12वीं कक्षा के कुल 255 छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। परीक्षा को चार मुख्य श्रेणियों में विभाजित किया गया। चयन परीक्षा के परिणाम के आधार पर जिला शिक्षा कार्यालय द्वारा प्रत्येक श्रेणी से 25-25 मेधावी विद्यार्थियों का चयन किया गया, जिससे कुल 100 विद्यार्थियों की सूची तैयार हुई। इन चयनित 100 मेधावी विद्यार्थियों के लिए 28 सितंबर से जे०बी०सी० जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, जामताड़ा (Chief Minister's School of Excellence) में ऑफलाइन माध्यम से निःशुल्क कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। यह विशेष कोचिंग कक्षाएं प्रत्येक कार्यदिवस को अपराह्न 04:00 बजे से 06:00 बजे तक आयोजित की जा रही हैं, जहां विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की बारीकियों और तैयारी का गहन मार्गदर्शन दिया जा रहा है।