द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में गुरुवार को खान एवं भूतत्व विभाग के प्रभारी मंत्री मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने केंद्र सरकार के The Mines and Minerals (Development and Regulation) Amendment Act, 2026 के खिलाफ राजकीय संकल्प पेश किया। संकल्प के माध्यम से केंद्र सरकार से इस संशोधन कानून पर पुनर्विचार करने अथवा इसे वापस लेने की मांग की गई है। राज्य सरकार ने कानून के लागू होने से प्रतिवर्ष लगभग 13 हजार करोड़ रुपये के राजस्व नुकसान की आशंका जताई है। सरकार का कहना है कि इससे खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास, सामाजिक सुरक्षा और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के संचालन पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। राजकीय संकल्प में कहा गया है कि केंद्र सरकार ने 17 अगस्त 2026 को MMDR संशोधन अधिनियम, 2026 अधिसूचित किया है। इस संशोधन के माध्यम से राज्यों द्वारा खनिज अधिकारों और खनिज युक्त भूमि पर कर, उपकर (सेस) अथवा अन्य लेवी लगाने की शक्तियों को सीमित कर दिया गया है। इसके अलावा पूर्व में लगाए गए राज्य कर, उपकर अथवा सेस के बकाया या वसूली नहीं की गई राशि के दावे को भी अमान्य कर दिया गया है। राज्य सरकार का मानना है कि इस कानून के लागू होने से झारखंड जैसे खनिज संपदा से समृद्ध राज्य की वित्तीय व्यवस्था पर गंभीर असर पड़ेगा और विकास योजनाओं के लिए उपलब्ध संसाधनों में कमी आएगी।

हर साल करीब 13 हजार करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान
संकल्प में राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि MMDR संशोधन अधिनियम, 2026 के लागू होने से झारखंड को प्रतिवर्ष लगभग 13 हजार करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान होने की संभावना है। इससे सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए आवश्यक वित्तीय संसाधनों के प्रबंधन में कठिनाई आएगी। सरकार का कहना है कि खनिज संपदा से प्राप्त राजस्व राज्य के विकास और खनन प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले समुदायों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान का महत्वपूर्ण आधार है। राजकीय संकल्प में झारखंड को देश के सबसे खनिज संपन्न राज्यों में से एक बताते हुए उसके आदिवासी बहुल स्वरूप का उल्लेख किया गया है। कहा गया है कि राज्य के अधिकांश खनन क्षेत्रों में अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति और आदिम जनजाति के लोग निवास करते हैं। खनन गतिविधियों से होने वाले नुकसान का सबसे अधिक असर भी इन्हीं समुदायों पर पड़ता है। खनन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विस्थापन, भूमि से बेदखली, पर्यावरणीय क्षति तथा सामाजिक और सांस्कृतिक बदलाव जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में राज्य सरकार के अनुसार खनिज संपदा से प्राप्त आर्थिक लाभ का एक हिस्सा खनन प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले आदिवासियों, पिछड़ों और दलितों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान तथा जनकल्याणकारी कार्यक्रमों पर खर्च किया जाना न्यायोचित है।

सुप्रीम कोर्ट के फैसले का दिया हवाला
राज्य सरकार ने अपने संकल्प में सुप्रीम कोर्ट की नौ न्यायाधीशों वाली संवैधानिक पीठ के जुलाई 2024 के फैसले का भी हवाला दिया है। Mineral Area Development Authority बनाम Steel Authority of India Ltd. मामले में सुप्रीम कोर्ट ने माना था कि खनिज युक्त भूमि भी भूमि है और संविधान की सातवीं अनुसूची की प्रविष्टि-49 के तहत राज्य सरकारों को ऐसी भूमि पर कर लगाने का अधिकार है। खनिज का मूल्य अथवा उत्पादन कर निर्धारण का आधार हो सकता है। राजकीय संकल्प में कहा गया है कि सुप्रीम कोर्ट ने खनिज युक्त भूमि पर कर अथवा उपकर लगाने के राज्यों के अधिकार को संवैधानिक मान्यता दी है। यह अधिकार संघीय ढांचे के अनुकूल और संविधान प्रदत्त है। ऐसे में केंद्र सरकार का नया संशोधन राज्यों के संवैधानिक और वित्तीय अधिकारों को प्रभावित करता है।
2024 में झारखंड ने बनाया था मिनरल बेयरिंग लैंड सेस कानून
सुप्रीम कोर्ट के फैसले की पृष्ठभूमि में झारखंड विधानसभा ने झारखंड मिनरल बेयरिंग लैंड सेस विधेयक, 2024 पारित किया था, जिसे राज्य सरकार ने अधिनियमित किया। राज्य सरकार के मुताबिक, इस कानून के माध्यम से प्रतिवर्ष लगभग 13 हजार करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हो रहा है, जिसका उपयोग राज्य में रहने वाले समुदायों के सामाजिक-आर्थिक विकास और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों में किया जा रहा है। हालांकि, MMDR संशोधन अधिनियम, 2026 लागू होने के बाद राज्य सरकारें खनिज अधिकारों अथवा खनिज युक्त भूमि पर केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित शर्तों के बिना कर, उपकर या अन्य लेवी नहीं लगा सकेंगी। राज्य सरकार का मानना है कि इससे उसके पूर्व के प्रयास प्रभावित होंगे। राजकीय संकल्प में MMDR संशोधन अधिनियम, 2026 के चार प्रमुख प्रतिकूल प्रभावों का उल्लेख किया गया है। इनमें खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास के लिए उपलब्ध संसाधनों में कमी, आदिवासी एवं अन्य प्रभावित समुदायों के सामाजिक-आर्थिक उत्थान के प्रयासों पर असर, राज्य को प्रतिवर्ष करीब 13 हजार करोड़ रुपये के राजस्व नुकसान की आशंका तथा संघीय ढांचे पर प्रतिकूल प्रभाव शामिल हैं। सरकार के अनुसार, खनन का सामाजिक और पर्यावरणीय बोझ उठाने वाले क्षेत्रों के विकास के लिए संसाधन कम होना न्यायसंगत नहीं है। झारखंड मिनरल बेयरिंग लैंड सेस अधिनियम, 2024 के माध्यम से राज्य सरकार ने प्रभावित समुदायों के विकास की दिशा में पहल की थी, लेकिन केंद्र के नए संशोधन से इन प्रयासों पर विराम लग सकता है।
केंद्र से कानून पर पुनर्विचार अथवा वापस लेने की मांग
राज्य सरकार ने संकल्प के माध्यम से केंद्र से MMDR संशोधन अधिनियम, 2026 पर पुनर्विचार करने अथवा इसे वापस लेने की मांग की है। सरकार का कहना है कि इससे राज्य के संवैधानिक एवं वित्तीय अधिकार सुरक्षित रहेंगे, खनन गतिविधियों से होने वाली क्षति की भरपाई के लिए संसाधन उपलब्ध रहेंगे तथा स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्रामीण विकास, कृषि और आधारभूत संरचना से जुड़े विकास कार्यों को बेहतर तरीके से संचालित किया जा सकेगा। इसके अलावा झारखंड में रहने वाले आदिवासियों, पिछड़ों, दलितों और महिलाओं के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए चलाए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को भी निरंतरता और मजबूती मिल सकेगी। संकल्प में उल्लेख किया गया है कि प्रस्ताव पर मंत्रिपरिषद की स्वीकृति की प्रत्याशा में मुख्यमंत्री का अनुमोदन प्राप्त था। राज्य सरकार द्वारा सम्यक विचार के बाद लिए गए निर्णय के आलोक में MMDR संशोधन अधिनियम, 2026 पर केंद्र सरकार से पुनर्विचार करने अथवा इसे वापस लेने के प्रस्ताव को विधानसभा के विशेष सत्र में चर्चा के बाद सहमति प्रदान करने की मांग की गई। इसके तहत राज्य सरकार के संकल्प संख्या-2671, दिनांक 23 नवंबर 2026 को पारित कर केंद्र सरकार को भेजने के लिए विधानसभा की सहमति मांगी गई।