द फॉलोअप, रांची
पूर्व विधायक एवं झारखंड पीपुल्स पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सूर्य सिंह बेसरा ने शिक्षाविद एवं पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के आमरण अनशन पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को एक संदेश भेजकर मामले में हस्तक्षेप करने और वांगचुक के स्वास्थ्य को देखते हुए आवश्यक पहल करने की अपील की है। बेसरा ने कहा कि सोनम वांगचुक का आमरण अनशन 20वें दिन में प्रवेश कर चुका है और उनकी शारीरिक स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। उन्होंने इस मामले को लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़ा गंभीर और संवेदनशील मुद्दा बताते हुए सुप्रीम कोर्ट से भी स्वतः संज्ञान लेने की मांग की।

पूर्व विधायक ने कॉकरोच जनता पार्टी द्वारा उठाई जा रही मांगों का समर्थन करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक आधार पर तत्काल इस्तीफा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते समाधान नहीं निकाला गया और सोनम वांगचुक को कोई नुकसान पहुंचा, तो देशभर में युवाओं के बीच व्यापक असंतोष पैदा हो सकता है। सूर्य सिंह बेसरा ने अपने बयान में 1952 में आंध्र राज्य की मांग को लेकर आमरण अनशन करने वाले पोट्टी श्रीरामुलु का उदाहरण देते हुए कहा कि इतिहास ऐसे आंदोलनों के प्रभाव का साक्षी रहा है। उन्होंने देश के युवाओं से लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से जनहित के मुद्दों पर जागरूक एवं संगठित होने की अपील की।
