logo

रांची में छठ को लेकर तैयारी तेज,36 घाटों पर सफाई पूरी; जानिए कहां कैसी होगी सुरक्षा व्यवस्था

रांची में छठ को लेकर तैयारी तेज,36 घाटों पर सफाई पूरी; जानिए कहां कैसी होगी सुरक्षा व्यवस्था

रांची: 
Ranchi News:
छठ महापर्व को लेकर रांची में जलाशयों और नदी घाटों की तैयारियां तेज हो गई हैं। नगर निगम की ओर से चिह्नित 72 प्रमुख छठ घाटों में से 36 पर सफाई, सीढ़ियों की मरम्मत, समतलीकरण और चूना-ब्लीचिंग का छिड़काव पूरा कर लिया गया है। शेष घाटों को भी अगले 72 घंटे में तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 1200 अतिरिक्त सफाई मित्रों को लगाया गया है। शहर के अलग-अलग इलाकों में 75 से अधिक कृत्रिम तालाब भी बनाए गए हैं, ताकि आसपास के व्रतियों को दूर के घाटों तक नहीं जाना पड़े। धूल-मिट्टी से बचाव के लिए 15 टैंकर और एंटी-स्मॉग गन से प्रमुख मार्गों पर पानी का छिड़काव किया जाएगा। घाटों पर सफाई, रोशनी, चेंजिंग रूम, पहुंच पथ और पेयजल जैसी सुविधाएं दुरुस्त की जा रही हैं। नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने सभी घाटों को समय पर तैयार करने का निर्देश दिया है।

41 घाट जोखिम वाले, तीन फीट पानी के बाद बैरिकेडिंग
इस बार मानसून में सामान्य से 18 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। रांची में 1027 एमएम के मुकाबले 1215 एमएम बारिश दर्ज की गई। इसके कारण डैम और तालाबों में पानी का स्तर अधिक है। व्रतियों की सुरक्षा के लिए नगर निगम ने सभी 72 घाटों का सुरक्षा ऑडिट कराया है। इसमें 25 घाटों को हाई रिस्क और 16 को मीडियम रिस्क जोन में रखा गया है। शेष 31 घाट सामान्य श्रेणी में हैं। सभी घाटों पर बैरिकेडिंग के साथ लाल रिबन और खतरे के संकेतक बोर्ड लगाए जा रहे हैं। तीन फीट पानी के बाद बैरिकेडिंग की जाएगी, ताकि व्रती गहरे पानी में नहीं जा सकें। प्रशासन ने 15 और 16 नवंबर को घाटों पर तैराकी पर भी रोक लगाई है। हाई रिस्क घाटों में कांके डैम, हटिया डैम, मधुकम तालाब, बड़ा तालाब, चडरी तालाब, हातमा तालाब, धुर्वा डैम, जेल तालाब, अरगोड़ा तालाब और जगन्नाथपुर तालाब समेत अन्य जलाशय शामिल हैं।

धुर्वा डैम पर एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और गोताखोर रहेंगे तैनात
प्रमुख घाटों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। धुर्वा डैम में एनडीआरएफ की एक टीम, एसडीआरएफ के सात सदस्य, पांच स्थानीय गोताखोर और आठ नावें तैनात रहेंगी। बुजुर्गों और असमर्थ व्रतियों की सुविधा के लिए चार टोटो, 20 बाइक और स्वयंसेवक लगाए जाएंगे। मधुकम तालाब के चारों ओर रंग-रोगन और पेवर ब्लॉक लगाने का काम किया गया है। यहां डेंजर जोन में बैरिकेडिंग की गई है। बड़ा तालाब के दोनों घाटों पर 76 स्वयंसेवक तैनात रहेंगे। यहां पुष्प सज्जा और पूजन सामग्री वितरण की भी व्यवस्था होगी। चडरी तालाब में भी बैरिकेडिंग की गई है। यहां करीब 25 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने हातमा, कांके डैम, मधुकम, हटनिया, बड़ा तालाब, जेल तालाब, चडरी, अरगोड़ा, धुर्वा समेत 12 तालाबों का निरीक्षण किया। उन्होंने पहुंच पथ दुरुस्त करने और समितियों को गोताखोरों के मोबाइल नंबर साझा करने का निर्देश दिया है।

15 नवंबर सुबह 8 से रात 11 बजे तक बड़े वाहनों पर रोक
छठ पूजा के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए 15 और 16 नवंबर को ट्रैफिक में बदलाव किया जाएगा। 15 नवंबर को सुबह 8 बजे से रात 11 बजे तक बड़े वाहनों का शहर में प्रवेश बंद रहेगा। वहीं, 16 नवंबर को अहले सुबह 2 बजे से सुबह 10 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों की नो एंट्री रहेगी। शहर के अंदर से एक स्थान से दूसरे स्थान जाने वाले वाहन रिंग रोड का इस्तेमाल कर सकेंगे। दिन में भी कुछ मार्गों पर छोटे मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। छठ घाटों तक जाने वाले रास्तों पर भी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी। ट्रैफिक पुलिस घाटों के आसपास पार्किंग स्थल चिह्नित कर रही है, ताकि सड़क पर जाम की स्थिति नहीं बने। प्रशासन ने घाट समितियों से भी समन्वय बनाकर व्यवस्था संभालने की अपील की है।

Tags - Ranchi ChhathChhath Puja 2026Chhath GhatsRanchi NewsChhath Traffic