logo

रांची : झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन के पुलिसकर्मियों पर लगा छेड़खानी का आरोप, दोषी पाए जाने पर होगी कार्रवाई

police_asso.jpg

रांचीः
झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन  की रांची शाखा के सचिव, उपाध्यक्ष और पूर्व कोषाध्यक्ष पर महिला सिपाहियों के साथ छेड़खानी का आरोप लगा है। ये आरोप खुद महिला सिपाहियों ने लगाया है। महिला आरक्षियों ने सरहुल पूजा समिति के साथ मिलकर एक लिखित शिकायत झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन को दिया है, जिसमें बताया गया है कि 4 अप्रैल की शाम रांची पुलिस की ओर से भी सरहुल मनाया जा रहा था। जुलूस में पुलिस केंद्र के समस्त पुलिसकर्मी, महिला पुलिसकर्मी और पुलिस परिवार के परिजन शोभा यात्रा में शामिल हुए थे। शोभायात्रा जैसे ही पुलिस केंद्र से बाहर शहर भ्रमण के लिए निकली वैसे ही एसोसिएशन शाखा रांची के सचिव संजय कुमार पासवान, उपाध्यक्ष नवीन कुमार तिवारी व पूर्व कोषाध्यक्ष नरेंद्र तिर्की महिला पुलिसकर्मियों के साथ छेड़खानी करने लगे। महिला सिपाहियों का आरोप है कि बार-बार मना करने के बावजूद ये लोग नहीं माने और गलत हरकत करते रहे।  


काम से किये गये निलंबित 
इस शिकायत के बाद  आरोपित अधिकारियों को एसोसिएशन के काम से मुक्त कर दिया गया है। वहीं, पूर्व कोषाध्यक्ष की मेंस एसोसिएशन की सदस्यता भी खत्म कर दी गई है। झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन के महामंत्री रमेश उरांव ने इस संबंध में आदेश जारी कर रांची के एसएसपी और रांची पुलिस लाइन के सार्जेंट को भी सूचित किया है। 


जांच के बाद ही कार्रवाई
अध्यक्ष राकेश ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि फिलहाल वे रांची से बाहर हैं, लेकिन छेड़खानी से जुड़ा मामला संगठन के पास आया है, जिसकी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा अगर पदाधिकारी दोषी पाये जाते हैं तो उन पर नियमसंगत कार्रवाई होगी। हालांकि जिन पर आरोप लगाया गया है उन्हें फिलहाल संगठन के काम से मुक्त कर दिया गया है।  जब तक जांच नहीं हो जाती है वह संगठन का कोई काम नहीं करेंगे।