द फॉलोअप डेस्क
लातेहार में एक पुलिस जवान ने आत्महत्या कर ली है। जवान का नाम प्रमोद सिंह है। मृतक जवान जिले के छिपादोहर थाना क्षेत्र अंतर्गत करमडीह पिकेट में पदस्थापित था। उसने आत्महत्या क्यों की अबतक इस बात जानकारी नहीं मिली है। हालांकि आशंका जताई जा रही है कि घरेलू विवाद में जवान ने यह कदम उठाया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
कई बिंदुओं पर जांच में जुटे अधिकारी
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को करमडीह पिकेट में पदस्थापित जवान प्रमोद सिंह ने खुदकुशी कर ली। प्रमोद सिंह पलामू के सतबरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत पोलपोल गांव का रहने वाला था। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की टीम ने अधिकारियों के नेतृत्व में पिकेट पहुंच कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पलामू डीआईजी वाईएस रमेश ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में जांच की जा रही है, अधिकारियों को कई बिंदुओं पर निर्देश दिए गए हैं।