चाईबासा
पश्चिमी सिंहभूम जिले के पोड़ाहाट जंगल में मंगलवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ की सूचना है. घटना सोनुवा थाना क्षेत्र के केड़ाबीर इलाके की बतायी जा रही है. जहां रुक-रुक कर दोनों ओर से गोलीबारी जारी है. मुठभेड़ के बाद पूरे क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है. जानकारी के अनुसार, कोबरा 209 बटालियन और अन्य सुरक्षा बल पिछले दो दिनों से सोनुवा और गोइलकेरा थाना क्षेत्र के घने जंगलों में नक्सल विरोधी अभियान चला रहे थे. मंगलवार सुबह कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान जवानों का नक्सलियों से आमना-सामना हो गया. इसके बाद दोनों ओर से 10 बजे करीब रुक-रुक कर कई राउंड गोलीबारी हुई.
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, यह मुठभेड़ प्रतिबंधित नक्सली संगठन 10 लाख के इलामी नक्सली सालूका कायम के दस्ते के साथ जारी है. बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में दस्ते की गतिविधियां कुदाबुरु और आसपास के इलाकों में देखी गयी थीं. इसी सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने अभियान तेज किया था. हालांकि, अबतक मुठभेड़ में किसी के मारे जाने या गोली लगने की सूचना नहीं है. पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए कहा कि सुरक्षा बल इलाके में अभियान चला रहे हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. घटना के बाद पूरे इलाके में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है.
गौरतलब है कि हाल के दिनों में पोड़ाहाट और सारंडा के जंगलों में माओवादी गतिविधियों को लेकर सुरक्षा एजेंसियां लगातार सतर्क हैं. विगत 29 अप्रैल को सुरक्षाबलों ने एक लाख के इनामी नक्सली इसराइल पूर्ति उर्फ अमृत को मुठभेड़ में मार गिराया था. वहीं, गोइलकेरा क्षेत्र में पूर्व नक्सली रमेश चांपिया की हत्या के बाद भी सुरक्षा बलों ने अभियान तेज कर दिया था. फिलहाल पूरे जंगल क्षेत्र में तलाशी अभियान जारी है और सुरक्षा बल नक्सलियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखे हुए हैं.
.jpeg)