logo

झारखंड के गरीब आदिवासियों का पैसा लूटने वालों को जेल में बितानी होगी पूरी जिंदगी, धनबाद में बोले पीएम मोदी

a597.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, धनबाद:

प्रधानमंत्री नरेंद मोदी ने धनबाद के बरवाअड्डा में जनसभा को संबोधित किया। पीएम मोदी ने संबोधन के दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस पर करप्शन और परिवारवाद का आरोप लगाते हुए जमकर हमला बोला। प्रधानमंत्री ने कहा कि झामुमो का मतलब ही हो गया है जमकर खाओ। झामुमो और कांग्रेस के नेता केवल अपने तिजोरियां भरने में लगे हैं। झारखंड की जनता की खून-पसीने की कमाई को लूटकर उन्होंने बेनामी संपत्तियों का पहाड़ बना लिया है। राज्यसभा सांसद धीरज साहू का नाम लिए बगैर प्रधानमंत्री ने कहा कि नेताओं के घर से नोटों की गड्डियां निकल रही है। मैंने अपनी जिंदगी में कभी प्रत्यक्ष रूप से इतना पैसा नहीं देखा। पीएम ने कहा कि जो लूटा जा रहा है वह आपका पैसा है। क्या आप इसे लूटने वालों को माफ करेंगे। पीएम ने जनता से सवालिया लहजे में कहा कि गरीब आदिवासियों का पैसा लूटने वालों को क्या आप सरकार में रहने देंगे? उनको जिंदगी जेलों में बितानी चाहिए। जो लूटा है उसे लौटाना पड़ेगा यह मोदी की गारंटी है। 

झामुमो कांग्रेस ने आदिवासियों को वोट बैंक समझा
उन्होंने कहा कि जब मोदी ऐसे भ्रष्टाचारियों पर एक्शन लेता है तो ये लोग तरह-तरह के बहाने बनाते हैं। जांच से भागते हैं। लोग अपने कारनामे जानते हैं। झामुमो और कांग्रेस और आदिवासियों को सिर्फ और सिर्फ वोट बैंक ही समझा है। झारखंड में इतने जनजातीय परिवार हैं। इतने प्रतिभाशाली नौजवान हैं। ये लोग उनको कभी आगे नहीं बढ़ाएंगे। ये इसलिए नहीं कर पाते क्योंकि परिवारवादी अपने ही परिवार की सोचते हैं। मोदी जो भी करता है वह आपके भविष्य के लिए कर रहा है। आपके भविष्य के बच्चों के लिए कर रहा है। झामुमो को चलाने वाले एक ही परिवार के लोग हैं कि नहीं। वे अपने परिवार का भला करेंगे कि आपका। उनको अपने बच्चों की चिंता है कि आपके बच्चों? आप ही मेरे परिवारजन हैं। आपके बच्चों का भविष्य मेरी गारंटी है। 

इंडि गठबंधन के बिचौलियों का कमीशन बंद हो गया है
इंडी गठबंधन के बिचौलयों का कमीशन बंद हो गया है तो मोदी को गाली देते हैं। मोदी पर गुस्सा करेंगे कि नहीं। झूठ फैलाएंगे। पानी पी-पीकर गाली देता हैं। गाली पहुंचती नहीं है क्योंकि आपके आशीर्वाद की मजबूत दीवार है। देश की जनता पर विश्वास है। गरीब, किसान पर विश्वास है। माताओं बहनों पर विश्वास है। जितना कीचड़ उछालेंगे उतने ही ज्यादा ही कमल खिलेंगे।