पलामू
मेदिनीनगर के चर्चित जमीन कारोबारी विनीत तिवारी हत्याकांड में एक बार फिर बड़ा अपडेट सामने आया है। चर्चा है कि इस मामले के आरोपी रोशन तिवारी ने सोमवार अहले सुबह शहर थाना पहुंचकर सरेंडर कर दिया है। एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी रोशन तिवारी थाना पहुंचकर यह कहते हुए नजर आ रहा है कि वह विनीत तिवारी हत्याकांड में सरेंडर करने आया है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।.jpeg)
25 अप्रैल को हुआ था अपहरण, अगले दिन मिला था शव
गौरतलब है कि 25 अप्रैल की देर शाम रेडमा निवासी जमीन कारोबारी विनीत तिवारी का उनकी ही कार से अपहरण कर लिया गया था। इसके बाद उनकी हत्या कर दी गई। अगले दिन यानी 26 अप्रैल को उनका शव सदर थाना क्षेत्र के जोरकट के पास राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) किनारे झाड़ियों से बरामद हुआ था। इस वारदात ने पूरे पलामू जिले में सनसनी फैला दी थी।
जमीन कारोबार की रंजिश बनी हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया था कि जमीन कारोबार में वर्चस्व की लड़ाई और आपसी रंजिश इस सनसनीखेज हत्याकांड की मुख्य वजह थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने कई अहम साक्ष्य जुटाए और आरोपियों की तलाश तेज कर दी थी।
दो आरोपी पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस पहले ही आरोपी दिलीप तिवारी को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं, जुलाई महीने में एक अन्य आरोपी प्रशांत तिवारी को झांसी से गिरफ्तार किया गया था। अब रोशन तिवारी के सरेंडर की चर्चा ने इस बहुचर्चित हत्याकांड को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है। हालांकि, पुलिस की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार अभी भी किया जा रहा है।.jpeg)
मुख्य आरोपी महाकाल समेत अन्य की तलाश जारी
इस हत्याकांड में मुख्य आरोपी प्रदीप तिवारी उर्फ महाकाल समेत अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। फरार आरोपियों पर दबाव बनाने के लिए अदालत के आदेश पर उनके घरों में इश्तहार भी चस्पा किया गया था और आत्मसमर्पण नहीं करने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई थी। इस मामले में कुल पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।