logo

सरायकेला-खरसावां : मुर्गों से लदा वाहन पलटते ही लूटने की मची होड़, विरोध करने पर जमकर मारपीट

मुर्गों से लदा वाहन पलटते ही लूटने की मची होड़, विरोध करने पर जमकर मारपीट

द फॉलोअप, सरायकेला-खरसावां: 

Jharkhand News: सरायकेला थाना क्षेत्र के काला डूंगरी मोड़ पर मंगलवार को मुर्गों से लदा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित (Vehicle out of control) होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद वाहन में लदे मुर्गों को लुटने को लेकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और राहगीर मौके पर जुट गए। बताया जाता है कि पिकअप वाहन नंगटासाई से चमारू होते हुए सरायकेला की ओर जा रहा था। काला डूंगरी मोड़ के पास चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा और पिकअप सड़क पर पलट गया। वाहन के पलटते ही कुछ लोग उसमें से मुर्गे निकालने लगे, जिसके बाद मौके पर स्थिति बिगड़ने लगी।

देखते ही देखते हाथापाई और मारपीट

इसी दौरान तीन युवक मौके पर पहुंचे और कथित रूप से लोगों को डराते-धमकाते हुए पिकअप की जाली तोड़कर मुर्गे निकालने लगे। वाहन के मैनेजर और अन्य कर्मचारियों ने जब इसका विरोध किया तो दोनों पक्षों के बीच विवाद (Dispute between the two parties) बढ़ गया। देखते ही देखते हाथापाई और मारपीट की स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना की सूचना मिलने पर सरायकेला थाना पुलिस (Saraikela Police) की पेट्रोलिंग टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। बाद में थाना प्रभारी विनय कुमार भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की है। मारपीट में शामिल युवकों की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Tags - Seraikela NewsPickup AccidentChicken Loaded VehicleRoad AccidentLocal DisputeSeraikela PoliceJharkhand News