logo

देवघर में भी लोगों को पाइप से मिलेगी गैस, पहले चरण में इतने लोगों को मिलेगी ये सुविधा

DEOGHAR3.jpg

देवघर 

अब देवघर में भी लोगों को रसोई गैस के लिए बुकिंग नहीं करानी होगी। न ही उनको कतार में लगना होगा। केंद्र सरकार की सिटी गैस परियोजना के तहत यहां के लोगों को इसी साल नवंबर माह से उनके घरों में पाइप से गैस मिलना शुरू हो जायेगा। परियोजना के पहले चरण में एक हजार लोगों को यह सुविधा मिलेगी। इस बाबत गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने IOCL के कार्यकारी निदेशक एसके झा और महाप्रबंधक शैलेश कुमार सिंह संग बैठक की है। इस दौरान देवघर के साथ मधुपुर में भी पाइप लाइन से गैस पहुंचाने के मुद्दे पर बात हुई। बैठक के बाद सांसद ने कहा कि देवघर के बाद मधुपुर में अगले साल फरवरी तक पाइप लाइन से गैस की सुविधा मिलने लगेगी। फिलहाल देवघर में पाइप से गैस लेने के लिए लोगों से आवेदन लिया जा रहा है। उम्मीद की जा रही है कि नवंबर में इस परियोजना का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के हाथों होगा। 

शहर के बाद गांवों को भी मिलेगी ये सुविधा
मिली सूचना के अनुसार संथाल परगना के पांच जिलों में पाइप से गैस देने की परियोजना पर कार्य शुरू हो चुका है। ये जिले हैं जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, साहेबगंज और गोड्डा। 2024 के जून महीने तक इन पांचों जिलों में भी लोगों को पाइप के जरिये गैस मिलने लगेगा। बता दें कि वर्तमान में केंद्र सरकार की योजना संथाल परगना के 50 हजार घरों में पाइप लाइन से गैस पहुंचाने की है। पाइप लाइन परियोजना के तहत लोगों को किफायती दरों पर उनके घरें में गैस मिलेगी। वहीं शहरों के बाद गांवों को भी पाइप लाइन गैस परियोजना से जोड़े जाने का प्रस्ताव है। इस सूची में दुमका के हंसडीहा, बासुकिनाथ, नोनीहाट, जरमुंडी और गोड्डा जिले के पथरगामा, महगामा और पोड़ेयाहाट में गैस आपूर्ति के लिए पाइप लगाने का काम शुरू हो जायेगा।